टीएनपी डेस्क(TNP DESK): एशियन गेम्स 2026 में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है. जापान के नागोया में चल रहे खेलों के 7वें दिन भारतीय खिलाड़ियों ने एक के बाद एक बेहतरीन प्रदर्शन किया. महिला कबड्डी टीम ने फाइनल में ईरान को 37-34 से हराकर भारत की झोली में तीसरा गोल्ड मेडल डाल दिया. इस जीत के साथ भारतीय महिला कबड्डी टीम ने एशियन गेम्स में लगातार पांचवीं बार पदक अपने नाम किया है.
महिला टीम की इस जीत के बाद अब सभी की नजरें पुरुष कबड्डी टीम के फाइनल पर हैं. भारतीय पुरुष टीम का मुकाबला भी ईरान से होना है. यह फाइनल दोपहर 2:30 बजे खेला जाएगा. ऐसे में भारत के पास कबड्डी में एक और गोल्ड जीतने का मौका है.
स्क्वॉश में पहली बार दोनों सिंगल्स फाइनल में भारत
स्क्वॉश में भी भारत ने इतिहास रच दिया है. एशियन गेम्स के इतिहास में पहली बार भारत के दो खिलाड़ी एक ही समय में पुरुष और महिला सिंगल्स के फाइनल में पहुंचे हैं. 18 साल की अनाहत सिंह ने महिला सिंगल्स के फाइनल में जगह बनाकर नया रिकॉर्ड बनाया. वह एशियन गेम्स में महिला सिंगल्स के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं.
वहीं पुरुष सिंगल्स में अभय सिंह ने भी फाइनल का टिकट कटाया है. दोनों खिलाड़ियों के फाइनल में पहुंचने से स्क्वॉश में भारत के कम से कम दो पदक पक्के हो गए हैं. अब इन दोनों से गोल्ड की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं.
मैराथन में 44 साल बाद मिला मेडल
भारत के लिए पुरुष मैराथन में भी यह दिन खास रहा. लंबी दूरी के धावक सावन बरवाल ने 2 घंटे 11 मिनट 37 सेकंड के समय के साथ सिल्वर मेडल जीता. इस उपलब्धि के साथ भारत ने पुरुष मैराथन में 44 साल के लंबे इंतजार को खत्म किया.
इससे पहले 1982 में दिल्ली में हुए एशियन गेम्स में भारत ने पुरुष मैराथन में ब्रॉन्ज मेडल जीता था. मैराथन की दूरी 42.195 किलोमीटर होती है, जबकि हाफ मैराथन करीब 21.097 किलोमीटर की होती है.
शूटिंग में भी भारत की झोली में सिल्वर
शूटिंग में भी भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया. महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन टीम स्पर्धा में आशी चौकसे, तिलोत्तमा सेन और विदार्शा विनोद की भारतीय टीम ने दूसरा स्थान हासिल करते हुए सिल्वर मेडल जीता.
इस पदक के साथ एशियन गेम्स 2026 में शूटिंग से भारत के कुल 11 मेडल हो गए हैं. इनमें एक गोल्ड, पांच सिल्वर और चार ब्रॉन्ज पहले ही भारत के खाते में आ चुके थे.
मेडल टैली में भारत 12वें स्थान पर
एशियन गेम्स के 7वें दिन तक भारत के कुल मेडल की संख्या 27 हो गई है. इनमें 3 गोल्ड, 11 सिल्वर और 13 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं. महिला कबड्डी में गोल्ड जीतने के बावजूद भारत मेडल टैली में 12वें स्थान पर बना हुआ है. अब पुरुष कबड्डी और स्क्वॉश के फाइनल पर देश की नजरें टिकी हैं. इन मुकाबलों के नतीजे भारत के मेडल खाते में और इजाफा कर सकते हैं.