टिएनपी डेस्क(TNP DESK): मेंस हॉकी वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के लिए आज का मुकाबला बेहद अहम है. टीम इंडिया पूल-E में अर्जेंटीना का सामना करेगी. सेमीफाइनल की उम्मीद बनाए रखने के लिए भारत को न सिर्फ अर्जेंटीना के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करनी होगी, बल्कि नीदरलैंड और इंग्लैंड के बीच होने वाले मुकाबले के नतीजे पर भी निर्भर रहना होगा.
भारत और अर्जेंटीना का मुकाबला नीदरलैंड के एम्सटेलवीन में शाम 6:15 बजे शुरू होगा.
पूल-E में भारत चौथे स्थान पर
पूल-E में नीदरलैंड 6 अंकों के साथ पहले स्थान पर है और सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर चुका है. इंग्लैंड और अर्जेंटीना के 3-3 अंक हैं. भारत अभी तक कोई अंक हासिल नहीं कर सका है और चौथे स्थान पर है.
ऐसे में भारत के पास आगे बढ़ने का रास्ता मुश्किल जरूर है, लेकिन पूरी तरह बंद नहीं हुआ है.
जीत के साथ गोल डिफरेंस भी होगा अहम
अगर भारत अर्जेंटीना को हराता है और दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड को नीदरलैंड के खिलाफ हार मिलती है, तो भारत, अर्जेंटीना और इंग्लैंड के 3-3 अंक हो जाएंगे. इसके बाद सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीम का फैसला गोल डिफरेंस के आधार पर होगा.
फिलहाल भारत का गोल डिफरेंस -4 है. अर्जेंटीना और इंग्लैंड का गोल डिफरेंस 0 है. इसलिए भारत को अर्जेंटीना के खिलाफ ज्यादा गोल के अंतर से जीत दर्ज करनी होगी.
अगर भारत अर्जेंटीना को 2-0 से हराता है, तो उसे उम्मीद करनी होगी कि नीदरलैंड इंग्लैंड को कम से कम 3-0 से हराए. वहीं, अगर भारत 4-1 से जीत दर्ज करता है, तो इंग्लैंड की कम से कम 0-2 से हार भारत के लिए रास्ता बना सकती है. यानी दोनों मुकाबलों के गोल अंतर का समीकरण भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण रहेगा.
अर्जेंटीना की जीत से भारत को मिला मौका
भारत की सेमीफाइनल की उम्मीदों को अर्जेंटीना की पिछली जीत से मजबूती मिली है. अर्जेंटीना ने इंग्लैंड को 3-1 से हराकर तीन अंक हासिल किए थे. इस नतीजे के कारण भारत अभी भी सेमीफाइनल की दौड़ में बना हुआ है.
अर्जेंटीना के खिलाफ आसान नहीं होगी राह
भारतीय टीम के सामने चुनौती इसलिए भी बड़ी है क्योंकि हाल के मुकाबलों में अर्जेंटीना का प्रदर्शन भारत के खिलाफ बेहतर रहा है. इस साल हॉकी प्रो लीग में दोनों टीमों के बीच दो मुकाबले हुए थे और दोनों में अर्जेंटीना ने जीत दर्ज की थी. अर्जेंटीना ने भारत को एक मुकाबले में 8-0 और दूसरे में 4-2 से हराया था.
कोच क्रेग फुल्टन को टीम से उम्मीद
भारतीय टीम के चीफ कोच क्रेग फुल्टन का मानना है कि सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद अभी खत्म नहीं हुई है. टीम को अर्जेंटीना के खिलाफ ज्यादा गोल करने की जरूरत है, लेकिन इसके साथ अपने गेम प्लान पर भी कायम रहना होगा.
भारत के लिए अब समीकरण साफ है. अर्जेंटीना के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करनी होगी और फिर नीदरलैंड से इंग्लैंड की बड़े अंतर की हार की उम्मीद करनी होगी. दोनों नतीजे भारत के पक्ष में रहे तो टीम सेमीफाइनल में जगह बना सकती है.