News

तेज रफ्तार थार ने बाइक सवार को रौंदा, देख कर दहल जाएगा आपका दिल, CCTV में कैद हुआ मौत का खौफनाक मंजर!

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): महाराष्ट्र के बीड जिले के परली शहर में एक तेज रफ्तार थार की टक्कर से घायल हुए एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना का पूरा दृश्य सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है. मृतक के परिजनों ने इसे महज सड़क हादसा मानने से इनकार करते हुए गंभीर साजिश की आशंका जताई है और आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

जानकारी के अनुसार, परली के भगवान बाबा चौक से तहसील रोड की ओर जा रहे 35 वर्षीय प्रशांत देशमुख अपनी दोपहिया वाहन से घर लौट रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार थार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रशांत सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद थार चालक मौके से फरार हो गया.

स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल प्रशांत को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अंबाजोगाई के एक अस्पताल में रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. प्रशांत देशमुख पेशे से ऑडिट का कार्य करते थे और विभिन्न बैंकों से जुड़े वित्तीय कार्यों में सक्रिय थे.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं. मामले में परली सिटी थाना में हिट एंड रन का केस दर्ज किया जा रहा है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार थार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है.

मृतक के परिवार में पत्नी, एक वर्षीय पुत्र, माता-पिता और बड़ा भाई हैं. परिजनों का आरोप है कि यह केवल दुर्घटना नहीं बल्कि जानबूझकर की गई टक्कर हो सकती है. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज को अहम सबूत माना जा रहा है, जिससे घटना की सच्चाई सामने आने की उम्मीद है.