टीएनपी डेस्क (TNP DESK): लोक आस्था का महापर्व छठ केवल सूर्य उपासना का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, परिवार और जीवन के प्रति आभार प्रकट करने की प्राचीन परंपरा है. चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में व्रती अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं. साथ ही छठी मईया की विशेष पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और खुशहाल जीवन की कामना करते हैं.
हालांकि, छठ पूजा के दौरान सूर्य देव के साथ छठी मईया की आराधना क्यों की जाती है, इसे लेकर लोगों के मन में कई सवाल रहते हैं. आखिर कौन हैं छठी मईया? सूर्य देव से उनका क्या रिश्ता है और छठ व्रत की शुरुआत कैसे हुई? आइए जानते हैं इस महापर्व से जुड़ी प्रमुख पौराणिक मान्यताओं और प्रचलित कथाओं के बारे में.
कौन हैं छठी मईया?
सनातन धर्म की मान्यताओं में छठी मईया को देवी षष्ठी के नाम से जाना जाता है. उन्हें संतान की रक्षा करने वाली और परिवार को सुख-समृद्धि का आशीर्वाद देने वाली देवी माना जाता है. विशेष रूप से बच्चों के अच्छे स्वास्थ्य, लंबी आयु और उज्ज्वल भविष्य के लिए उनकी पूजा की जाती है.
प्रकृति की छठी शक्ति: पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, मार्कंडेय पुराण में वर्णित प्रकृति देवी के छह स्वरूपों में छठा अंश षष्ठी देवी का है. इसी कारण उन्हें षष्ठी देवी कहा गया और लोक परंपरा में यही देवी छठी मईया के नाम से पूजित हुईं.
ब्रह्मा जी की मानस पुत्री: धार्मिक मान्यताओं में छठी मईया को भगवान ब्रह्मा की मानस पुत्री भी बताया गया है. देवी षष्ठी का एक स्वरूप देवसेना के रूप में वर्णित है, जिन्हें भगवान कार्तिकेय की पत्नी माना जाता है.
संतान की रक्षा करने वाली देवी: हिंदू परंपरा में बच्चे के जन्म के छठे दिन छठी पूजन की परंपरा है. इस दिन देवी षष्ठी की आराधना कर नवजात शिशु के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की जाती है. यही वजह है कि छठ पूजा में भी संतान की मंगलकामना का विशेष महत्व है.
छठी मईया और सूर्य देव का क्या है संबंध?
1. सूर्य देव की बहन हैं छठी मईया
बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश की लोक परंपराओं में छठी मईया को सूर्य देव की बहन माना जाता है. मान्यता है कि कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को छठी मईया की श्रद्धापूर्वक पूजा करने से सूर्य देव प्रसन्न होते हैं और भक्तों को सुख, शांति तथा समृद्धि का आशीर्वाद देते हैं.
2. सूर्य देव की शक्तियों से जुड़ा स्वरूप
एक अन्य धार्मिक मान्यता के अनुसार, छठ पूजा में सूर्य देव की दो प्रमुख शक्तियों उषा और प्रत्युषा की भी आराधना की जाती है. उषा को सुबह की पहली किरण और प्रत्युषा को संध्या की अंतिम किरण का प्रतीक माना जाता है. छठ के दौरान शाम का अर्घ्य प्रत्युषा और सुबह का अर्घ्य उषा को समर्पित किया जाता है. इस तरह यह पर्व सूर्य की जीवनदायिनी ऊर्जा के प्रति आभार जताने का प्रतीक है.
राजा प्रियव्रत से जुड़ी है छठ पूजा की प्राचीन कथा
छठ व्रत की शुरुआत को लेकर राजा प्रियव्रत और उनकी पत्नी रानी मालिनी की कथा विशेष रूप से प्रचलित है. पौराणिक कथाओं के अनुसार, राजा प्रियव्रत के पास सब कुछ था, लेकिन संतान सुख नहीं था. लंबे समय तक संतान प्राप्ति नहीं होने पर राजा और रानी काफी चिंतित रहते थे.
संतान की कामना से राजा प्रियव्रत ने महर्षि कश्यप के निर्देश पर पुत्रेष्टि यज्ञ कराया. यज्ञ के प्रभाव से रानी मालिनी गर्भवती हुईं और उन्होंने एक पुत्र को जन्म दिया. हालांकि, दुर्भाग्यवश नवजात शिशु मृत पैदा हुआ. इस घटना से राजा और रानी गहरे शोक में डूब गए.
कहा जाता है कि पुत्र वियोग में दुखी राजा प्रियव्रत ने अपने प्राण त्यागने का निर्णय लिया. उसी समय वहां दिव्य प्रकाश के साथ देवी षष्ठी प्रकट हुईं. उन्होंने राजा को अपना परिचय देते हुए बताया कि वह प्रकृति के छठे अंश से उत्पन्न देवी हैं और संतान की रक्षा करना उनका प्रमुख कार्य है.
देवी ने राजा को उनकी पूजा करने का निर्देश दिया. इसके बाद राजा प्रियव्रत ने कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को विधि-विधान से देवी षष्ठी की आराधना की. मान्यता है कि देवी की कृपा से उनका मृत पुत्र दोबारा जीवित हो गया. तभी से संतान की प्राप्ति, सुरक्षा और खुशहाली के लिए षष्ठी देवी की पूजा की परंपरा शुरू हुई.
भगवान राम और माता सीता से भी जुड़ी है सूर्य उपासना की मान्यता
छठ महापर्व का संबंध त्रेतायुग से भी जोड़ा जाता है. एक प्रचलित धार्मिक मान्यता के अनुसार, लंका पर विजय प्राप्त करने और अयोध्या लौटने के बाद भगवान श्रीराम तथा माता सीता ने कार्तिक शुक्ल पक्ष में सूर्य देव की उपासना की थी. कहा जाता है कि दोनों ने ऋषि मुग्दल के आश्रम में रहकर सूर्य देव की आराधना और व्रत किया था. इस मान्यता के आधार पर छठ पूजा को भगवान राम और माता सीता की सूर्य उपासना से भी जोड़कर देखा जाता है.
