Religion

शुक्रवार को दुर्गा कवच पाठ का क्या है खास महत्व? जानिए क्यों माना जाता है बेहद शुभ

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

टीएनपी डेस्क(TNP DESK):शुक्रवार का दिन मां लक्ष्मी और देवी शक्ति की उपासना के लिए बेहद शुभ माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन मां दुर्गा की आराधना और दुर्गा कवच का पाठ करने से भक्तों को विशेष फल की प्राप्ति होती है. माना जाता है कि दुर्गा कवच व्यक्ति को नकारात्मक शक्तियों, भय, रोग और जीवन की परेशानियों से रक्षा प्रदान करता है. यही कारण है कि शुक्रवार को इसका पाठ करना अत्यंत लाभकारी माना गया है.

 दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों का वर्णन

दुर्गा कवच, मार्कंडेय पुराण में वर्णित दुर्गा सप्तशती का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है. इसमें मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों का वर्णन करते हुए उनसे रक्षा की प्रार्थना की जाती है. धार्मिक विश्वास है कि जो व्यक्ति श्रद्धा और नियमपूर्वक दुर्गा कवच का पाठ करता है, उसके जीवन में सुख, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है. साथ ही घर में चल रही आर्थिक परेशानियां और मानसिक तनाव भी धीरे-धीरे कम होने लगते हैं.

सुख, समृद्धि और वैभव का कारक

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार शुक्रवार का संबंध शुक्र ग्रह से माना जाता है, जो सुख, समृद्धि और वैभव का कारक होता है. ऐसे में इस दिन दुर्गा कवच का पाठ करने से मां दुर्गा और मां लक्ष्मी दोनों की कृपा प्राप्त होती है. कई लोग शुक्रवार के दिन व्रत रखकर लाल फूल, चुनरी और मिठाई अर्पित कर मां दुर्गा की पूजा करते हैं और दुर्गा कवच का पाठ करते हैं.

भय दूर और व्यक्ति को हर कार्य में सफलता

मान्यता है कि नियमित रूप से शुक्रवार को दुर्गा कवच पढ़ने से आत्मविश्वास बढ़ता है, भय दूर होता है और व्यक्ति को हर कार्य में सफलता मिलने लगती है. यही वजह है कि धार्मिक दृष्टि से शुक्रवार को दुर्गा कवच पाठ बेहद शुभ और फलदायी माना गया है.