Religion

शिव मंदिर में नंदी महाराज के कान में आखिर क्या फुसफुसाते हैं भक्त? जानिए पौराणिक मान्यता

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

टीएनपी डेस्क (TNP DESK):सावन का महीना चल रहा है. ऐसे में आज सावन की पहली सोमवारी है. शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ देखी जा रही है. आपने शिव मंदिर के बाहर नंदी महाराज की मूर्ति जरूर देखी होगी, जो एकटक मंदिर के बाहर से ही भगवान शिव की ओर निहारते रहते हैं. देखने में यह बहुत सामान्य लगता है, लेकिन आपने यह भी देखा होगा कि जो भी भगवान शिव के दर्शन के लिए आता है, वह सबसे पहले नंदी महाराज को प्रणाम करता है और उनके कानों में जाकर धीरे से कुछ फुसफुसाता है. बहुत से लोगों के मन में यह सवाल उठता है कि आखिर नंदी महाराज के कानों में लोग क्या कहते हैं और इसके पीछे की पौराणिक वजह क्या है? यदि आप भी ऐसे लोगों में शामिल हैं, जिन्हें इसकी वजह नहीं पता, तो चलिए आज हम आपको इसके पीछे की पौराणिक मान्यता के बारे में बताते हैं.

 जानिए पौराणिक मान्यता

आपको बता दें कि नंदी महाराज भगवान शिव के वाहन हैं. एक तरफ जहां अन्य देवी-देवता बड़े-बड़े पुष्पक विमान और पालकी में सफर करते है, वहीं दूसरी तरफ भगवान शिव हमेशा से सादगी भरा जीवन जीते आए हैं. भगवान शिव बड़े महलों की बजाय कैलाश पर्वत और साधारण जीवन को पसंद करते हैं. गले में मोतियों की जगह सर्पों की माला धारण करते हैं. महादेव का श्रृंगार सबसे अलग माना जाता है, इसलिए उनका वाहन भी सभी देवी-देवताओं से अलग है. नंदी महाराज की पीठ पर बैठकर ही भगवान भोलेनाथ अपने सफर को पूरा करते हैं. नंदी महाराज भगवान शिव के सबसे करीब माने जाते हैं. यही वजह है कि जब भी भगवान शिव मंदिर में विराजमान होते हैं, नंदी महाराज मंदिर के बाहर से ही उन्हें एकटक प्रेम से निहारते रहते हैं. यह उनके महादेव के प्रति प्रेम, समर्पण, श्रद्धा और भक्ति को दर्शाता है. ऐसी मान्यता है कि भगवान शिव अविनाशी हैं और अक्सर ध्यान में लीन रहते हैं. ऐसे में उनका ध्यान भंग न हो, इसलिए भक्त अपनी मनोकामना, प्रार्थना और इच्छाएं नंदी महाराज के कानों में धीरे से कहते हैं.

भक्तों की बात महादेव तक पहुँचाते हैं नंदी महाराज

शिवभक्तों का विश्वास है कि नंदी महाराज उनकी इच्छाएं और प्रार्थनाएं भगवान शिव तक पहुंचाते हैं, जिससे महादेव उनकी मनोकामनाएं अवश्य पूरी करते हैं. उदाहरण के तौर पर इसे ऐसे समझ सकते हैं कि यदि आपको किसी प्रधानमंत्री से मिलना हो, तो वे हमेशा व्यस्त रहते हैं. ऐसे में लोग उनके पीए या अन्य सहयोगियों के माध्यम से अपनी बात उन तक पहुंचाने की कोशिश करते हैं, ताकि उनकी मांग उन तक पहुंच सके. ठीक उसी तरह, नंदी महाराज भी भगवान शिव के सबसे करीब होने के कारण भक्तों की मनोकामनाएं और प्रार्थनाएं महादेव तक पहुंचाते हैं. भक्तों का ऐसा विश्वास है कि इससे उनकी मनोकामनाएं पूरी होती हैं. हालांकि, किसी भी शास्त्र या धार्मिक ग्रंथ में इसका स्पष्ट उल्लेख नहीं मिलता. यह परंपरा मुख्य रूप से लोक आस्था, श्रद्धा और भक्ति पर आधारित है. लोगों का विश्वास है कि ऐसा करने से उनकी मनोकामनाएं पूरी होती हैं.

सच्चे मन से की गई प्रार्थना स्वीकार होती है

धार्मिक विद्वानों का मानना है कि नंदी महाराज संयम, सत्य, धर्म और निष्ठा के प्रतीक हैं. उनके सामने सच्चे मन से की गई हर प्रार्थना सार्थक मानी जाती है. जब कोई भक्त उनके कानों में अपनी इच्छा व्यक्त करता है, तो वह केवल अपनी कामना नहीं कहता, बल्कि अपनी श्रद्धा और विश्वास भी प्रकट करता है. नंदी महाराज भक्तों और महादेव के बीच एक माध्यम माने जाते हैं. यही वजह है कि श्रद्धालु आज भी उनके कानों में अपनी इच्छाएं और मनोकामनाएं व्यक्त करते हैं.