टीएनपी डेस्क (TNP DESK): दिवाली के बाद अब लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियां शुरू हो गई हैं. बिहार से लेकर झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश तक हर गली, हर घर और छठ घाट पर भक्तिमय माहौल बनने लगा है. छठ के मौके पर जिन गीतों की धुन सबसे पहले लोगों के कानों में गूंजती है, उनमें स्वर कोकिला शारदा सिन्हा के गीतों का खास स्थान है. सालों तक उनकी सुरीली आवाज ने छठ महापर्व की रौनक बढ़ाई. लेकिन साल 2024 में उनके निधन के बाद अब उनके गीतों से श्रद्धालु उनकी जीवंत मौजूदगी के बिना पर्व मना रहे हैं. उनकी आवाज आज भी लोगों के दिलों में बसी है और उनके गीत छठ की परंपरा का अभिन्न हिस्सा बने हुए हैं.
शारदा सिन्हा ने अपनी गायकी के जरिए छठ की आस्था, लोक संस्कृति, पारिवारिक भावनाओं और परंपराओं को एक अलग पहचान दी. उनके गीतों के बिना छठ का उत्सव अधूरा-सा महसूस होता है. आइए जानते हैं उनके ऐसे ही पांच लोकप्रिय छठ गीतों के बारे में, जो आज भी हर साल पर्व के दौरान खूब सुने जाते हैं.
हो दीनानाथ
छठ गीतों की चर्चा हो और शारदा सिन्हा का 'हो दीनानाथ' याद न आए, ऐसा शायद ही हो सकता है. इस गीत में उनकी आवाज का भक्तिमय अंदाज सीधे श्रद्धालुओं के मन को छूता है. गीत सुनते ही छठी मैया और भगवान सूर्य के प्रति आस्था का भाव जाग उठता है. यही वजह है कि हर साल छठ के दौरान यह गीत घरों से लेकर घाटों तक सुनाई देता है.
पहिले पहिल छठी मैया
शारदा सिन्हा के सबसे लोकप्रिय छठ गीतों में 'पहिले पहिल छठी मैया' का नाम भी शामिल है. रिलीज के कई साल बाद भी इस गीत की लोकप्रियता कम नहीं हुई है. छठ के मौके पर यह गीत लगातार लोगों की पसंद बना रहता है. इसकी धुन और भावपूर्ण शब्द पहली बार छठ व्रत करने वाले श्रद्धालुओं की भावनाओं और मां छठी के प्रति उनकी अटूट आस्था को खूबसूरती से बयां करते हैं.
उठऊ सूरज, भइले बिहान
छठ महापर्व के सुबह वाले अर्घ्य की कल्पना इस गीत के बिना अधूरी लगती है. 'उठऊ सूरज, भइले बिहान' में उगते सूर्य की आराधना और सुबह के पावन माहौल का सुंदर चित्रण मिलता है. इस गीत की खास बात यह है कि इसकी संगीत रचना में खुद शारदा सिन्हा का योगदान रहा. छठ के दौरान सुबह-सुबह इस गीत को सुनना लोगों के लिए एक खास परंपरा जैसा बन गया है.
तोहे बड़का भैया हो
शारदा सिन्हा का 'तोहे बड़का भैया हो' भी छठ के लोकप्रिय लोकगीतों में गिना जाता है. इस गीत में पारिवारिक रिश्तों और लोकजीवन की झलक देखने को मिलती है. शारदा सिन्हा की गायकी ने इसे खास पहचान दिलाई. यही कारण है कि यह गीत आज भी छठ के दौरान खूब सुना और देखा जाता है.
छठी मैया अइतन आज
'छठी मैया अइतन आज' शारदा सिन्हा का एक ऐसा भक्ति गीत है, जिसकी लोकप्रियता समय के साथ बरकरार है. दो दशक से अधिक समय बीत जाने के बाद भी इस गीत की मिठास और भावनात्मक जुड़ाव कम नहीं हुआ है. छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालु इसे बड़े चाव से सुनते हैं. गीत में छठी मैया के आगमन की प्रतीक्षा और उनके प्रति श्रद्धा का भाव बेहद खूबसूरती से उभरता है.
शारदा सिन्हा अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी गायकी ने उन्हें लोक संगीत के इतिहास में अमर कर दिया है. छठ के हर मौसम में उनके गीत एक बार फिर उनकी यादों को ताजा कर देते हैं. उनके सुरों में सिर्फ संगीत नहीं, बल्कि बिहार की मिट्टी की खुशबू, लोक संस्कृति और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था बसती है. यही वजह है कि समय बदलने के बावजूद छठ के घाटों पर शारदा सिन्हा की आवाज की गूंज कभी कम नहीं होगी.
