Religion

Raksha Bandhan 2026: जानिए कब है रक्षाबंधन और क्या है राखी बांधने का सही मुहूर्त

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK):  रक्षाबंधन 2026: भाई-बहन के प्यार, विश्वास और सुरक्षा के रिश्ते को समर्पित रक्षाबंधन का त्योहार हर साल बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है. इस दिन बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधती हैं और उनकी सुख-समृद्धि व लंबी उम्र की कामना करती हैं. वहीं भाई भी बहनों की रक्षा और हर परिस्थिति में उनका साथ देने का संकल्प लेते हैं. लेकिन इस बार रक्षाबंधन की तारीख को लेकर लोगों के बीच थोड़ा असमंजस है. इसकी वजह है पूर्णिमा तिथि का दो दिनों तक रहना. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि राखी 27 अगस्त को बांधी जाएगी या 28 अगस्त को?

28 अगस्त को मनाया जाएगा रक्षाबंधन
पंचांग के अनुसार, इस साल रक्षाबंधन का पर्व 28 अगस्त 2026, शुक्रवार को मनाया जाएगा. श्रावण मास की शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि 27 अगस्त की सुबह करीब 9 बजकर 8 मिनट से शुरू होगी और 28 अगस्त की सुबह करीब 9 बजकर 48 मिनट तक रहेगी. पूर्णिमा के दिन सूर्योदय होने के आधार पर रक्षाबंधन का त्योहार 28 अगस्त को मनाना शुभ माना जा रहा है. इसलिए अगर आप राखी खरीदने, पूजा की तैयारी या भाई-बहन के मिलन की योजना बना रहे हैं, तो 28 अगस्त की तारीख को ध्यान में रखें. रक्षाबंधन के दिन राखी बांधने के लिए सुबह का समय शुभ माना गया है. पंचांग के अनुसार, 28 अगस्त को सुबह 5:57 बजे से 9:48 बजे तक राखी बांधने का शुभ समय बताया गया है. हालांकि अलग-अलग शहरों में सूर्योदय के समय में अंतर होने के कारण मुहूर्त में कुछ मिनट का बदलाव हो सकता है. इसलिए अपने स्थानीय पंचांग के अनुसार समय की पुष्टि करना बेहतर रहेगा.

27 अगस्त को क्यों नहीं बांधें राखी?
रक्षाबंधन की तारीख को लेकर असमंजस की सबसे बड़ी वजह भद्रा काल है. धार्मिक मान्यताओं में भद्रा को शुभ कार्यों के लिए अनुकूल नहीं माना जाता है. इस साल 27 अगस्त को सुबह करीब 9:08 बजे से रात 9:32 बजे तक भद्रा रहने की जानकारी दी गई है. ऐसे में 27 अगस्त को राखी बांधने से बचने की सलाह दी जाती है. खास बात यह है कि 28 अगस्त की सुबह रक्षाबंधन के समय भद्रा नहीं रहेगी. यही वजह है कि इस दिन सुबह राखी बांधना शुभ माना जा रहा है. रक्षाबंधन केवल भाई की कलाई पर राखी बांधने का त्योहार नहीं है, बल्कि यह भाई-बहन के बीच स्नेह, भरोसे और अपनापन का प्रतीक भी माना जाता है. इस दिन बहनें भाई को तिलक लगाकर राखी बांधती हैं और उसकी खुशहाली की प्रार्थना करती हैं. भाई बहन को उपहार देते हैं और हमेशा साथ खड़े रहने का वादा करते हैं. रक्षाबंधन से भगवान श्रीकृष्ण और द्रौपदी से जुड़ी कथा भी प्रचलित है. मान्यता है कि श्रीकृष्ण की उंगली पर चोट लगने के बाद द्रौपदी ने अपनी साड़ी का एक टुकड़ा फाड़कर उनकी उंगली पर बांधा था. इसके बाद श्रीकृष्ण ने उनकी रक्षा करने का संकल्प लिया. इसी कथा को भाई-बहन के प्रेम और रक्षा के भाव से जोड़कर देखा जाता है.

राखी बांधते समय इन बातों का रखें ध्यान
रक्षाबंधन के दिन पूजा की थाली को पहले से तैयार कर लें. इसमें रोली, अक्षत, दीपक, मिठाई और राखी रखें. शुभ समय पर भाई को तिलक लगाएं, अक्षत लगाकर उसकी कलाई पर राखी बांधें और मिठाई खिलाएं. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, राखी बांधते समय भद्रा काल से बचना चाहिए. साथ ही भाई-बहन एक-दूसरे की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाल भविष्य की कामना करें. तो इस बार तारीख को लेकर कन्फ्यूजन दूर कर लीजिए, रक्षाबंधन 28 अगस्त 2026 को मनाया जाएगा और सुबह 5:57 बजे से 9:48 बजे तक राखी बांधने का शुभ समय बताया गया है.