☰
Religion

Govardhan Puja 2026: गोवर्धन पूजा पर करें ये 5 खास उपाय, श्रीकृष्ण की मिलेगी कृपा

Samiksha Singh
Samiksha Singh
Sr. Content Writer

Govardhan Puja 2026: हिंदू धर्म में गोवर्धन पूजा का विशेष धार्मिक महत्व है. यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित है. हर साल दीपावली के अगले दिन कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को गोवर्धन पूजा मनाई जाती है. लेकिन इस बार गोवर्धन पूजा 10 नवंबर को मनायी जा रही. इस दिन भक्त भगवान श्रीकृष्ण के गोवर्धन स्वरूप की पूजा-अर्चना करते हैं और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और संकटों से मुक्ति की कामना करते हैं.

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गोवर्धन पूजा के दिन विधि-विधान से पूजा करने और कुछ विशेष उपाय अपनाने से भगवान श्रीकृष्ण की कृपा प्राप्त होती है. आइए जानते हैं गोवर्धन पूजा 2026 पर कौन-कौन से उपाय करना शुभ माना जाता है.

गोवर्धन पूजा पर करें ये खास उपाय

गोबर से बनाएं गोवर्धन पर्वत

गोवर्धन पूजा के दिन घर के आंगन या पूजा स्थल पर गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाएं. इसके बाद फूल, अक्षत, रोली और दीपक से पूजा करें. मान्यता है कि ऐसा करने से घर में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहती है.

भगवान श्रीकृष्ण को लगाएं अन्नकूट का भोग

इस दिन भगवान श्रीकृष्ण को अन्नकूट का भोग लगाना बेहद शुभ माना जाता है. इसमें विभिन्न प्रकार के पकवान, सब्जियां, मिठाइयां  शामिल किए जाते हैं. पूजा के बाद प्रसाद को परिवार और जरूरतमंद लोगों में बांटें.

गाय की करें पूजा और सेवा

गोवर्धन पूजा पर गाय की पूजा का विशेष महत्व है. इस दिन गाय को हरा चारा, गुड़ और रोटी खिलाएं. धार्मिक मान्यता है कि गौ सेवा करने से भगवान श्रीकृष्ण प्रसन्न होते हैं और भक्तों पर अपनी कृपा बनाए रखते हैं.

भगवान कृष्ण को अर्पित करें तुलसी दल

भगवान श्रीकृष्ण की पूजा में तुलसी का विशेष महत्व है. इस दिन पूजा के दौरान भगवान को तुलसी दल अर्पित करें. इससे घर में सकारात्मकता और सुख-समृद्धि आने की धार्मिक मान्यता है.

दीपदान करना न भूलें

गोवर्धन पूजा के दिन घर के मंदिर, मुख्य द्वार और तुलसी के पौधे के पास दीपक जलाएं. शाम के समय दीपदान करना शुभ माना जाता है. इससे घर में सकारात्मक वातावरण बना रहता है.

जरूरतमंदों को करें अन्न और वस्त्र का दान

इस पावन अवसर पर गरीबों और जरूरतमंद लोगों को भोजन, अनाज, वस्त्र या अन्य आवश्यक वस्तुओं का दान करें. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, दान-पुण्य करने से भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त होता है.

क्यों मनाई जाती है गोवर्धन पूजा?

पौराणिक कथा के अनुसार एक बार ब्रजवासियों ने देवराज इंद्र की पूजा करने के बजाय गोवर्धन पर्वत की पूजा की थी. इससे क्रोधित होकर इंद्रदेव ने ब्रज में भारी वर्षा शुरू कर दी. तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर समस्त ब्रजवासियों और उनके पशुओं को वर्षा से बचाया था. इसके बाद से ही गोवर्धन पर्वत की पूजा की परंपरा शुरू हुई. यह पर्व प्रकृति, गौवंश और अन्न के प्रति आभार व्यक्त करने का भी प्रतीक माना जाता है.