☰
Religion

तेनुघाट में एक ही नदी के दो किनारे, कहीं छठ की आस्था तो कहीं चिता की आग; जिंदगी और मौत का दिखा मार्मिक संगम

Mausam Muskan
Mausam Muskan
Copy Editor

TNP डेस्क :छठ महापर्व यानी आस्था, विश्वास, समर्पण और सूर्य उपासना का पर्व. बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश में इस महापर्व की विशेष रौनक देखने को मिलती है. इन दिनों हर तरफ छठी मईया के गीत गूंज रहे हैं. कहीं घरों में प्रसाद तैयार हो रहा है, तो कहीं छठ व्रती नदी और तालाबों के किनारे पहुंचकर पूजा की तैयारियों में जुटे हैं. लेकिन त्योहार की खुशियों के बीच कुछ ऐसे परिवार भी हैं, जिनके लिए यह समय अपनों की याद और बिछड़ने के दर्द से भरा है.

 

बोकारो के तेनुघाट में छठ महापर्व के दौरान जिंदगी की ऐसी ही दो तस्वीरें देखने को मिलीं, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया. एक ही नदी के एक किनारे छठ व्रती पवित्र जल में स्नान कर पूजा की तैयारियों में जुटे थे. उनके चेहरों पर आस्था, उत्साह और छठी मईया के प्रति अटूट विश्वास दिखाई दे रहा था. घाट पर छठ गीतों की गूंज और पर्व की तैयारियों के बीच उत्सव का माहौल था.

वहीं, इसी नदी के दूसरे किनारे एक चिता जल रही थी. वहां न त्योहार की रौनक थी और न गीतों की आवाज. उस ओर सिर्फ अपनों को खोने का गम और अंतिम विदाई की खामोशी थी. एक तरफ लोग अपने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए सूर्य देव को अर्घ्य देने की तैयारी कर रहे थे, तो दूसरी तरफ एक परिवार अपने प्रियजन को अंतिम विदाई दे रहा था.

एक ही नदी के किनारे जिंदगी और मौत की ये दो तस्वीरें कई सवाल छोड़ गईं. आखिर यही तो जीवन की सच्चाई है. किसी के आंगन में त्योहार की खुशियां होती हैं, तो किसी के घर में मातम पसरा होता है. किसी के लिए पर्व नई उम्मीद लेकर आता है, तो किसी के लिए अपनों की यादों को और गहरा कर जाता है.

तेनुघाट की नदी का यह दृश्य मानो खामोशी से जीवन का सबसे बड़ा संदेश दे गया कि खुशियां और गम एक ही जिंदगी के दो पहलू हैं. जहां एक ओर लोग उगते सूर्य को अर्घ्य देकर जीवन और ऊर्जा की कामना कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर जलती चिता जीवन की नश्वरता का एहसास करा रही थी. यही जीवन है, जो हर पल आगे बढ़ता रहता है, लेकिन अपनों की यादें हमेशा दिल में जिंदा रहती हैं.