☰
Religion

Dhanteras Special: मेष से मीन तक, जानें धनतेरस पर किस राशि के लिए क्या खरीदना रहेगा शुभ

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): धनतेरस पर बाजारों में खरीदारी की धूम रहती है. कोई सोने-चांदी के आभूषण खरीदता है, तो कोई नए बर्तन, झाड़ू और पूजा से जुड़ी वस्तुएं घर लाता है. मान्यता है कि इस दिन शुभ वस्तुओं की खरीदारी करने से घर में सुख-समृद्धि और धन-धान्य का आगमन होता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि ज्योतिष शास्त्र के अनुसार हर राशि के लिए धनतेरस पर खरीदारी की शुभ वस्तुएं अलग-अलग हो सकती हैं? राशि के स्वामी ग्रह के आधार पर कुछ खास चीजों को खरीदना लाभकारी माना गया है. आइए, उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पंडित मनीष शर्मा के अनुसार जानते हैं कि धनतेरस 2026 पर मेष से लेकर मीन राशि तक के जातकों को कौन-सी वस्तुएं खरीदनी चाहिए.

मेष राशि: मेष राशि के स्वामी मंगल देव हैं, जिन्हें साहस, ऊर्जा और पराक्रम का प्रतीक माना जाता है. इस राशि के जातकों के लिए धनतेरस पर लाल रंग की वस्तुएं खरीदना शुभ माना गया है. इसके अलावा तांबे के बर्तन, सोना और अनाज की खरीदारी भी कर सकते हैं. धार्मिक मान्यता है कि इससे घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है.

वृषभ राशि: वृषभ राशि के स्वामी शुक्र देव हैं. शुक्र को भौतिक सुख, सौंदर्य और वैभव का कारक माना जाता है. ऐसे में इस राशि के लोगों के लिए चांदी का सिक्का, चांदी के आभूषण और सफेद रंग की वस्तुएं खरीदना शुभ हो सकता है. सौंदर्य और सजावट से जुड़ी चीजें खरीदना भी अच्छा माना जाता है.

मिथुन राशि: मिथुन राशि का स्वामी बुध ग्रह है, जिसका संबंध बुद्धि, शिक्षा और व्यापार से माना जाता है. इस राशि के जातक धनतेरस पर पीतल का दीपक, किताबें, कलम और पढ़ाई से संबंधित सामग्री खरीद सकते हैं. कारोबार करने वाले लोगों के लिए व्यापार में इस्तेमाल होने वाली नई वस्तुओं की खरीदारी भी शुभ मानी जाती है.

कर्क राशि: कर्क राशि के स्वामी चंद्र देव हैं. चंद्रमा को मन, शांति और भावनाओं से जोड़कर देखा जाता है. इस राशि के जातकों के लिए धनतेरस पर चांदी के सिक्के, मोती, सफेद रंग की वस्तुएं और स्टील के बर्तन खरीदना शुभ माना गया है. मान्यता है कि इससे परिवार में शांति और सकारात्मकता बनी रहती है.

सिंह राशि: सिंह राशि के स्वामी सूर्य देव हैं, जो आत्मविश्वास, प्रतिष्ठा और ऊर्जा के प्रतीक माने जाते हैं. इस राशि के लोगों के लिए धनतेरस पर सोना, तांबे के बर्तन, तांबे का कलश और पीले रंग की वस्तुएं खरीदना शुभ माना गया है. इससे जीवन में सुख-समृद्धि आने की धार्मिक मान्यता है.

कन्या राशि: कन्या राशि का स्वामी बुध ग्रह है. इस राशि के जातकों के लिए धनतेरस पर पीतल के बर्तन खरीदना अच्छा माना जाता है. इसके साथ ही नई झाड़ू घर लाना भी शुभ माना गया है. धार्मिक मान्यताओं में झाड़ू को मां लक्ष्मी से जोड़कर देखा जाता है. इसे घर की दरिद्रता दूर करने और बरकत का प्रतीक माना जाता है.

तुला राशि: तुला राशि के स्वामी शुक्र देव हैं. शुक्र को ऐश्वर्य, आकर्षण और सुख-सुविधाओं का कारक माना जाता है. इसलिए इस राशि के जातकों के लिए धनतेरस पर चांदी के सिक्के, हीरे के आभूषण और मां लक्ष्मी-भगवान गणेश की प्रतिमा खरीदना शुभ माना गया है. मान्यता है कि इससे घर में खुशहाली और समृद्धि आती है.

वृश्चिक राशि: वृश्चिक राशि का स्वामी मंगल ग्रह है. मंगल के प्रभाव के कारण इस राशि के लोगों के लिए तांबे के बर्तन खरीदना शुभ माना जाता है. इसके अलावा पूजा सामग्री और कुबेर यंत्र की खरीदारी भी कर सकते हैं. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इन वस्तुओं को घर लाने से सकारात्मक ऊर्जा और धन-धान्य में वृद्धि होती है.

धनु राशि: धनु राशि के स्वामी बृहस्पति देव हैं. गुरु को ज्ञान, धर्म और सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है. इस राशि के जातकों के लिए धनतेरस पर पीतल के बर्तन, पूजा के दीपक और सोने के सिक्के खरीदना शुभ माना गया है. घर के मंदिर के लिए नई पूजा सामग्री लाना भी अच्छा विकल्प हो सकता है.

मकर राशि: मकर राशि के स्वामी शनिदेव हैं. इस राशि के जातकों के लिए धनतेरस पर नई झाड़ू खरीदना शुभ माना जाता है. इसके अलावा स्टील के बर्तन और रोजमर्रा के उपयोग में आने वाली जरूरी वस्तुओं की खरीदारी भी कर सकते हैं. मान्यता है कि इससे घर में बरकत और आर्थिक स्थिरता बनी रहती है.

कुंभ राशि: कुंभ राशि के स्वामी भी शनिदेव हैं. इस राशि के लोगों के लिए धनतेरस पर पूजा-पाठ से जुड़ी सामग्री, नई झाड़ू, श्री यंत्र और कुबेर यंत्र खरीदना शुभ माना गया है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इन वस्तुओं को घर में स्थापित करने से सकारात्मक ऊर्जा और सुख-समृद्धि का वास होता है.

मीन राशि: मीन राशि के स्वामी बृहस्पति देव हैं. गुरु को ज्ञान, धर्म और सौभाग्य से संबंधित ग्रह माना जाता है. इस राशि के जातकों के लिए धनतेरस पर साबुत धनिया खरीदना शुभ माना गया है. इसके अलावा मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की प्रतिमा घर लाना भी अच्छा माना जाता है. धार्मिक मान्यता है कि इससे घर में धन-धान्य और खुशहाली बनी रहती है.