☰
Religion

DHANTERAS 2026: धनतेरस पर खरीदारी का बना खास संयोग, जानें सोना-चांदी, वाहन और बर्तन खरीदने का शुभ मुहूर्त

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): धन, वैभव और आरोग्य की कामना के साथ मनाया जाने वाला धनतेरस का पर्व इस बार कई शुभ संयोग लेकर आ रहा है. दीपावली के पांच दिवसीय उत्सव की शुरुआत धनतेरस से होती है. इस दिन भगवान धन्वंतरि, माता लक्ष्मी, भगवान कुबेर और यमराज की विशेष पूजा की जाती है. मान्यता है कि धनतेरस पर शुभ मुहूर्त में खरीदारी करने से घर में सुख-समृद्धि आती है और धन-धान्य में वृद्धि होती है. यही वजह है कि इस दिन बाजारों में सोने-चांदी के आभूषणों से लेकर वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स, बर्तन और झाड़ू तक की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ती है. इस बार धनतेरस पर शुक्र प्रदोष व्रत का संयोग भी बन रहा है, जिससे पर्व का धार्मिक महत्व और बढ़ गया है. ऐसे में अगर आप भी धनतेरस पर खरीदारी की तैयारी कर रहे हैं, तो जान लीजिए शुभ मुहूर्त, चौघड़िया और किस वस्तु की खरीदारी के लिए कौन-सा समय रहेगा बेहतर.

धनतेरस पर शुक्र प्रदोष व्रत का संयोग
कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को धनतेरस या धनत्रयोदशी के रूप में मनाया जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान धन्वंतरि की पूजा करने से आरोग्य और माता लक्ष्मी की आराधना से सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है. वहीं भगवान कुबेर की पूजा धन-संपत्ति में वृद्धि के लिए की जाती है. शाम के समय यमराज के नाम से दीपदान करने की भी परंपरा है. इस बार धनतेरस के साथ शुक्र प्रदोष व्रत का संयोग बन रहा है. ऐसे में पूजा-पाठ और खरीदारी के लिए शुभ समय का विशेष महत्व रहेगा.

धनतेरस 2026 की त्रयोदशी तिथि
- त्रयोदशी तिथि प्रारंभ: 6 नवंबर, सुबह 10:30 बजे.
- त्रयोदशी तिथि समाप्त: 7 नवंबर, सुबह 10:47 बजे.

पूजा और खरीदारी का शुभ मुहूर्त
- प्रदोष काल: शाम 5:49 बजे से रात 8:23 बजे तक.
- वृषभ लग्न: शाम 6:34 बजे से रात 8:34 बजे तक.

धनतेरस पर सोना-चांदी और आभूषणों की खरीदारी के लिए दिए गए मुहूर्त के अनुसार 6 नवंबर सुबह 10:30 बजे से 7 नवंबर सुबह 6:37 बजे तक का समय शुभ बताया गया है.

धनतेरस के चौघड़िया मुहूर्त
- लाभ चौघड़िया: सुबह 7:54 बजे से 9:16 बजे तक.
- अमृत चौघड़िया: सुबह 9:16 बजे से 10:38 बजे तक.
- शुभ चौघड़िया: दोपहर 12:01 बजे से 1:23 बजे तक.
- चर चौघड़िया: शाम 4:07 बजे से 5:30 बजे तक.

वाहन और सोना-चांदी खरीदने का सही समय
अगर आप धनतेरस पर नया वाहन खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो अमृत और चर चौघड़िया का समय शुभ माना गया है. चांदी के सामान की खरीदारी के लिए अमृत चौघड़िया बेहतर रहेगा. वहीं सोना और सोने के आभूषण खरीदने के लिए शुभ और अमृत चौघड़िया को अनुकूल माना गया है.

बर्तन और आभूषण खरीदने का शुभ समय
धनतेरस पर बर्तनों की खरीदारी की भी विशेष परंपरा है. इस दिन स्टील के बर्तन खरीदने के लिए शुभ चौघड़िया, तांबे के बर्तनों के लिए लाभ चौघड़िया और पीतल के बर्तनों के लिए शुभ एवं अमृत चौघड़िया का समय अच्छा माना गया है. हीरे के आभूषण खरीदने के इच्छुक लोग शुभ और चर चौघड़िया में खरीदारी कर सकते हैं.

इलेक्ट्रॉनिक्स और संपत्ति की खरीदारी कब करें?
धनतेरस पर टीवी, फ्रिज, मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदने के लिए लाभ एवं चर चौघड़िया का समय अनुकूल बताया गया है. वहीं जमीन, मकान या अन्य संपत्ति में निवेश के लिए शुभ और अमृत चौघड़िया को बेहतर माना गया है. धनतेरस पर खरीदारी के साथ पूजा और दीपदान का भी विशेष महत्व है. मान्यता है कि इस दिन विधि-विधान से पूजा करने और शुभ समय में नई वस्तुएं घर लाने से परिवार में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहती है.