TNP डेस्क: लोक आस्था का महापर्व छठ अब बिहार से निकल कर देश दुनिया में छा गया. दशहरा के समाप्त होते ही लोग दिवाली तथा छठ पूजा की तैयारियों में जुट जाते हैं. चार दिनों का यह पर्व न सिर्फ कड़ी तपस्या के बराबर है बल्कि यह प्रकृति से लगाव और कृतज्ञता भी दर्शाता है. छठ के अवसर पर व्रती सिर्फ कड़ी तपस्या और अनुष्ठान ही नहीं करते हैं बल्कि इस दौरान साफ सफाई और अन्य सात्विकता का भी खास ख्याल रखा जाता है. इस पर्व में डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है. कहा जाता है कि निष्ठा और नियम से यह व्रत करने से सारी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं. इसे खास कर पुत्र प्राप्ति, संतान रक्षा और सुख समृद्धि से जोड़ कर देखा जाता है.
क्यों मनाया जाता है छठ पर्व
छठ पर्व का उल्लेख ऋग्वेद में भी मिलता है. इसके साथ ही इसकी मान्यता महाभारत और रामायण काल से भी है. छठ पर्व मूल रूप से सूर्य देव की आराधना का चार दिवसीय अनुष्ठान है, जो केवल पूजा-पाठ नहीं बल्कि प्रकृति के प्रति अगाध कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है. इसमें ब्रह्मांड की ऊर्जा के मुख्य स्रोत सूर्य की पहली किरण और अंतिम किरण दोनों को प्रणाम किया जाता है. यह पर्व मुख्य रूप से कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को अपने चरम पर होता है, जिसकी विधियां दो दिन पहले से ही शुरू हो जाती हैं. समय के साथ भले ही इसका विस्तार महानगरों और विदेशों तक हो गया हो, लेकिन इसकी जड़ आज भी उतनी ही पवित्र और सामूहिक है. घाटों की सफाई से लेकर ठेकुआ की ससौंधी खुशबू तक, पूरा समाज इसमें जाति और वर्ग के बंधनों से ऊपर उठकर एक परिवार की तरह जुट जाता है.
कब से मनाया जाता है छठ
छठ पर्व को लेकर कहा जाता है कि महाभारत काल में दानवीर कर्ण प्रतिदिन घंटों जल में खड़े हो कर सूर्य की आराधना करते थे. कहा जाता है कि सूर्य के प्रभाव से ही कर्ण एक महान योद्धा बने थे. वहीं दूसरी तरफ कहा जाता है कि 14 वर्ष का वनवास खत्म होने तथा लंका के राजा रावण पर युद्ध में विजय करने के पश्चात जब भगवान राम तथा सीता माता अयोध्या लौटे तो वहां के लोगों ने घी का दिया जला कर खुशी मनाई. अयोध्या लौटने के पश्चात माता सीता ने भगवान सूर्य की आराधना की तथा षष्ठी एवं सप्तमी को भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया था. इसी समय से छठ पर्व मनाने की परंपरा शुरू हुई.
चार दिनों का होता है अनुष्ठान
छठ पर्व चार दिनों का कड़ा अनुष्ठान है. इसमें व्रती करीब 48 घंटों की कड़ी तपस्या और उपवास करते हैं. चार दिवसीय महापर्व छठ के पहले दिन नहाय खाय किया जाता है. इस दिन व्रती स्नान कर साफ सफाई से बनाया गया चावल, चने की दाल और कद्दू खाते हैं. इसके साथ ही दूसरे दिन पूरे दिन निर्जला व्रत कर शाम में व्रती खरना करते हैं और उसके बाद 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू होता है. तीसरे दिन शाम में व्रती डूबते सूर्य को अर्घ्य देते हैं जबकि चौथे और अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ पर्व समाप्ति हो जाती है. इस पर्व में प्रकृति की भी पूजा की जाती है.