News

अब जमीन की रजिस्ट्री के लिए नहीं लगाने होंगे दफ्तरों के चक्कर, घर बैठे होगा काम, जानिए पूरी प्रक्रिया

Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer
अब जमीन की रजिस्ट्री के लिए नहीं लगाने होंगे दफ्तरों के चक्कर, घर बैठे होगा काम, जानिए पूरी प्रक्रिया

टीएनपी डेस्क (TNP DESK):हर कोई चाहता है कि उसकी मेहनत की कमाई को ऐसी जगह निवेश किया जाए, जिससे भविष्य में अच्छा फायदा मिले. इसके लिए अधिकांश लोग प्रॉपर्टी खरीदना पसंद करते हैं, जिसमें घर और जमीन शामिल है. वहीं, सोना-चांदी में भी लोग निवेश करते हैं, लेकिन घर और जमीन आज भी लोगों की पहली पसंद होती है. ऐसे में जब भी कोई जमीन या मकान खरीदता है, तो उसकी रजिस्ट्री करानी पड़ती है. इसके लिए काफी झंझट होता है, खासकर उन लोगों के लिए जिनकी उम्र अधिक हो चुकी है. उन्हें रजिस्ट्री कार्यालय के कई चक्कर लगाने पड़ते है, तब जाकर संपत्ति की रजिस्ट्री हो पाती है. लेकिन अगर आप बिहार के रहने वाले हैं, तो आपके लिए बड़ी खुशखबरी है.

पढ़े किसे होगी सबसे ज्यादा सुविधा

बिहार सरकार की ओर से अब 75 साल या उससे अधिक उम्र के लोगों के लिए संपत्ति पंजीकरण की प्रक्रिया काफी आसान कर दी गई है. ऐसे लोगों को अब दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी यानी अब प्लॉट, फ्लैट या जमीन की रजिस्ट्री के लिए बार-बार रजिस्ट्रेशन ऑफिस नहीं जाना होगा.रजिस्ट्रेशन का काम अब घर बैठे ही हो जाएगा. बिहार सरकार ने राज्य के बुजुर्ग लोगों के लिए यह एक सम्मानजनक पहल की है, जिससे उनका जीवन और आसान हो सकेगा.

फ़िलहाल इन जगहों पर हुई है शुरूआत

अब सबसे ध्यान देने वाली बात यह है कि फिलहाल इस सुविधा की शुरुआत केवल राजधानी पटना और हाजीपुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 10 सब-रजिस्ट्रार कार्यालयों में की गई है. इनमें पटना, दानापुर, बाढ़, फतुहा, फुलवारीशरीफ, मसौढ़ी, पालीगंज, हाजीपुर, महुआ और लालगंज शामिल है.इन इलाकों में रहने वाले 75 वर्ष या उससे अधिक उम्र के लोगों को इसका सबसे ज्यादा लाभ मिलेगा, जिन्हें रजिस्ट्रार कार्यालय जाने में परेशानी होती है. अब वे घर बैठे ही रजिस्ट्रेशन की पूरी प्रक्रिया पूरी करवा सकेंगे.इसकी शुरुआत हाजीपुर रजिस्ट्रार कार्यालय से हुई है, लेकिन सरकार इसे पूरे बिहार में लागू करने की तैयारी कर रही है.

पढ़े घर बैठे कैसे होगा काम

अब आपको बता देते हैं कि घर बैठे रजिस्ट्रेशन कराने की पूरी प्रक्रिया क्या है.इसके लिए आपको कुछ जरूरी कदमों का पालन करना होगा. सबसे पहले अपॉइंटमेंट बुक करना होगा. इसके बाद अधिकारियों की टीम आवेदक की उम्र की जांच करेगी. अगर उम्र 75 वर्ष या उससे अधिक पाई जाती है, तो तय तारीख पर रजिस्ट्रेशन अधिकारी की टीम जरूरी दस्तावेज और उपकरणों के साथ आवेदक के घर पहुंचेगी. वहीं घर पर ही रजिस्ट्रेशन की पूरी प्रक्रिया पूरी की जाएगी.रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद प्रॉपर्टी डीड की पीडीएफ आवेदक के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेज दी जाएगी.