टीएनपी डेस्क(TNP DESK): भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में आज Nissan अपनी नई मिड-साइज SUV Nissan Tekton को लॉन्च करने जा रही है. कंपनी की यह नई SUV लॉन्च से पहले ही काफी चर्चा में है. दमदार डिजाइन, हाइब्रिड इंजन और आधुनिक फीचर्स के कारण इसे Nissan की सबसे अहम लॉन्चिंग में से एक माना जा रहा है. कंपनी ने इसे "बेबी पेट्रोल" की पहचान दी है, क्योंकि इसका डिजाइन काफी हद तक Nissan Patrol जैसा है. बाजार में आने के बाद इसका मुकाबला Hyundai Creta, Kia Seltos, Renault Duster और बाकी मिड-साइज SUVs से होगा.
Nissan Tekton का बाहरी डिजाइन इसे भीड़ से अलग बनाता है. SUV के फ्रंट में बड़ा ग्रिल, आकर्षक LED डे-टाइम रनिंग लाइट्स, नए डिजाइन के हेडलैंप और बीच में चमकने वाला Nissan का लोगो देखने को मिल सकता है. इसके अलावा मस्क्युलर बोनट, मजबूत बंपर और स्पोर्टी लुक इसे प्रीमियम पहचान देंगे. पीछे की तरफ कनेक्टेड LED टेललाइट्स, रूफ स्पॉइलर और नया बंपर दिया जा सकता है. आकार के मामले में यह SUV Renault Duster के करीब हो सकती है, जिससे यात्रियों को अच्छा केबिन स्पेस मिलने की उम्मीद है.
इंजन की बात करें तो Nissan Tekton में कई ऑप्शन दिए जा सकते हैं. इसमें 1.0 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन मिलने की संभावना है, जो रोजमर्रा की ड्राइविंग के लिए उपयुक्त माना जा रहा है. इसके अलावा 1.3 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन भी दिया जा सकता है, जो ज्यादा पावर और बेहतर प्रदर्शन देगा. कंपनी इस SUV में 1.8 लीटर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन भी पेश कर सकती है. हाइब्रिड तकनीक की मदद से बेहतर माइलेज और कम ईंधन खर्च मिलने की उम्मीद है. ट्रांसमिशन के लिए मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों विकल्प मिल सकते हैं.
फीचर्स के मामले में भी Nissan Tekton काफी आधुनिक हो सकती है. इसमें बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, पैनोरमिक सनरूफ और वायरलेस फोन चार्जर जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है. इसके साथ ड्यूल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, वेंटिलेटेड और पावर्ड फ्रंट सीट्स, पावर्ड टेलगेट, मल्टीपल ड्राइव मोड्स, कीलेस एंट्री और पुश-बटन स्टार्ट जैसी सुविधाएं भी दी जा सकती हैं. केबिन में एम्बिएंट लाइटिंग से प्रीमियम अनुभव मिलेगा.
अगर Nissan इस SUV की कीमत प्रतिस्पर्धी रखती है, तो यह मिड-साइज SUV सेगमेंट में मजबूत दावेदार बन सकती है. मौजूदा समय में Hyundai Creta और Kia Seltos इस श्रेणी की सबसे लोकप्रिय SUVs हैं, लेकिन Tekton अपने नए डिजाइन, हाइब्रिड इंजन और प्रीमियम फीचर्स के दम पर ग्राहकों को आकर्षित कर सकती है.
ऑटोमोबाइल बाजार के जानकारों का मानना है कि Nissan Tekton की लॉन्चिंग से मिड-साइज SUV सेगमेंट में प्रतिस्पर्धा और बढ़ेगी. अब सभी की नजर इसकी कीमत और आधिकारिक फीचर्स पर है, जो तय करेंगे कि यह भारतीय ग्राहकों के बीच कितना प्रभाव छोड़ने में सफल रहती है.
