News

बिहार में बड़े पैमाने पर IPS अधिकारियों का तबादला, कई अहम पदों पर नई तैनाती

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA) : बिहार सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है. गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. इस फेरबदल में विशेष निगरानी इकाई में भी बदलाव किया गया है.

टेडर घोटाले की जांच कर रही विशेष निगरानी इकाई के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक पंकज दराड़ को उनके पद से हटा दिया गया है. अब उन्हें बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम का अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक बनाया गया है.

शोभा अहोतकर को अपर पुलिस महानिदेशक (विधि-व्यवस्था), बिहार की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

विनय वर्मा को महानिदेशक, गृह रक्षा वाहिनी के पद पर तैनात किया गया है. वहीं निर्मल कुमार आजाद को अतिरिक्त प्रभार के रूप में पुलिस महानिदेशक, मद्य निषेध का दायित्व दिया गया है.

सुधांशु कुमार को अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात) के साथ-साथ विशेष निगरानी का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है. इसके अलावा अमित राज को अपर पुलिस महानिदेशक, आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) बनाया गया है.

सरकार ने राजेश कुमार को पुलिस महानिदेशक, एसएनबी तथा पंकज कुमार राज को पुलिस महानिदेशक, रेलवे, पटना के पद पर नियुक्त किया है.

सरकार का कहना है कि इस प्रशासनिक फेरबदल का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाना है. माना जा रहा है कि नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारियों से बेहतर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है. इस तबादला सूची को पुलिस विभाग में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है.

 

TagsBihar