☰
News

Big Breaking : IIIT रांची में छात्र की मौत के बाद हंगामा, इमरजेंसी सुविधाओं की कमी पर छात्रों का प्रदर्शन

Ranchi Bureau
Ranchi Bureau
Senior News Publisher • TheNewsPost.in
रांची : खेलगांव परिसर स्थित IIIT रांची में प्रथम वर्ष के छात्र आदित्य की मौत के बाद छात्रों में भारी आक्रोश है. घटना के बाद परिसर में छात्रों की भीड़ जुट गई और उन्होंने कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हॉस्टल की व्यवस्था और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं पर गंभीर सवाल उठाए.प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि हॉस्टल में विद्यार्थियों की देखरेख और आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं है. छात्रों का कहना है कि यदि समय पर ऑक्सीजन की सुविधा से लैस एंबुलेंस उपलब्ध होती, तो छात्र की जान बचाई जा सकती थी. हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

छात्रों ने आरोप लगाया कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर नहीं पहुंचे. वे निदेशक और अन्य अधिकारियों के आने का इंतजार करते रहे और प्रबंधन से जवाबदेही तय करने की मांग की.घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. वहीं, परिसर में रहने वाले लोग और छात्र इस घटना से सदमे में हैं. फिलहाल, आदित्य की मौत की परिस्थितियों और घटना के पीछे के कारणों की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

इस घटना के बाद संस्थान की आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था, एंबुलेंस की उपलब्धता और हॉस्टल में छात्रों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. छात्र प्रबंधन से इन व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और घटना के संबंध में स्पष्ट जवाब देने की मांग कर रहे हैं.