News

125cc बाइक खरीदने का प्लान? तो 1 लाख के बजट में ये 5 ऑप्शन जरूर देखें

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

टिएनपी डेस्क(TNP DESK): भारत में 125cc मोटरसाइकिल सेगमेंट तेजी से बदल रहा है. कुछ साल पहले तक इस कैटेगरी में ऐसी बाइक्स ज्यादा पसंद की जाती थीं, जिनका फोकस बेहतर माइलेज और रोजाना के इस्तेमाल पर होता था. अब कंपनियां इसी बजट में स्पोर्टी डिजाइन, ज्यादा पावर और आधुनिक फीचर्स देने लगी हैं.

अगर आपका बजट करीब 1 लाख रुपये है और आप 125cc की ऐसी बाइक चाहते हैं जो रोजाना के इस्तेमाल के साथ अच्छी परफॉर्मेंस भी दे, तो बाजार में कई विकल्प मौजूद हैं. इनमें होंडा एसपी 125, टीवीएस रेडर 125, हीरो ग्लैमर एक्स, हीरो एक्सट्रीम 125आर और नई बजाज पल्सर 125 शामिल हैं.

होंडा एसपी 125

होंडा एसपी 125 उन लोगों के लिए एक विकल्प है, जो सिंपल डिजाइन के साथ आधुनिक फीचर्स चाहते हैं. इसमें 123.94cc का सिंगल-सिलेंडर, एयर-कूल्ड इंजन मिलता है. यह इंजन 10.9hp की पावर और 10.9Nm का टॉर्क पैदा करता है.

2025 में मिले अपडेट के बाद बाइक पहले से ज्यादा फीचर लोडेड हो गई है. इसमें ब्लूटूथ कनेक्टिविटी के साथ 4.2 इंच का टीएफटी डिस्प्ले दिया गया है. इसके अलावा मोबाइल और दूसरे डिवाइस चार्ज करने के लिए यूएसबी चार्जिंग की सुविधा भी मिलती है.

टीवीएस रेडर 125

टीवीएस रेडर 125 ने इस सेगमेंट में स्पोर्टी बाइक्स की लोकप्रियता बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाई है. इसे 2021 में लॉन्च किया गया था. इसका डिजाइन खास तौर पर युवा ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है.

बाइक में 124.8cc का सिंगल-सिलेंडर इंजन मिलता है, जो 11.4hp की पावर और 11.2Nm का टॉर्क देता है. इसमें ईको और पावर नाम के दो राइडिंग मोड भी मिलते हैं.

इसके अलावा एलसीडी डिस्प्ले और टीवीएस की ग्लाइड-थ्रू तकनीक जैसे फीचर्स इसे रोजाना शहर में चलाने के लिए सुविधाजनक बनाते हैं. बाइक के कई वेरिएंट उपलब्ध हैं. टॉप एसएक्स वेरिएंट को छोड़कर दूसरे विकल्प करीब 1 लाख रुपये के बजट में आते हैं.

हीरो ग्लैमर एक्स

हीरो ग्लैमर एक्स इस सूची की सबसे फीचर लोडेड मोटरसाइकिलों में शामिल है. इसकी सबसे खास बात क्रूज कंट्रोल है. आमतौर पर यह सुविधा ज्यादा महंगी और बड़ी इंजन वाली मोटरसाइकिलों में देखने को मिलती है.

ग्लैमर एक्स में राइडिंग मोड और कलर एलसीडी डिस्प्ले जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं. इसका बेस वेरिएंट 88,517 रुपये की शुरुआती कीमत पर आता है, लेकिन इसमें फ्रंट डिस्क ब्रेक और कुछ प्रीमियम फीचर्स नहीं मिलते.

फुल फीचर वाला टॉप वेरिएंट 96,876 रुपये में आता है. बाइक में 124.7cc का एयर-कूल्ड इंजन है, जो 11.5hp की पावर और 10.5Nm का टॉर्क पैदा करता है.

हीरो एक्सट्रीम 125आर

अगर 125cc सेगमेंट में ज्यादा स्पोर्टी लुक चाहिए तो हीरो एक्सट्रीम 125आर एक और विकल्प है. इसका डिजाइन कंपनी की बड़ी एक्सट्रीम मोटरसाइकिलों से प्रभावित दिखाई देता है.

इसमें 124.7cc का एयर-कूल्ड सिंगल-सिलेंडर इंजन मिलता है. यह 11.5hp की पावर और 10.5Nm का टॉर्क देता है. बाइक में 37mm टेलिस्कोपिक फ्रंट फोर्क भी दिया गया है.

एक्सट्रीम 125आर तीन वेरिएंट में उपलब्ध है. इनमें आईबीएस यानी इंटीग्रेटेड ब्रेकिंग सिस्टम वाला वेरिएंट 1 लाख रुपये से कम के बजट में आता है.

नई बजाज पल्सर 125 सबसे ज्यादा पावरफुल

इस लिस्ट में पावर के मामले में नई बजाज पल्सर 125 सबसे आगे है. बजाज ने 2026 में पल्सर 125 की नई पीढ़ी पेश की है.

नई बाइक में 124.58cc का सिंगल-सिलेंडर एयर और ऑयल-कूल्ड इंजन दिया गया है. यह इंजन 8,500 आरपीएम पर 12.1hp की अधिकतम पावर और 6,500 आरपीएम पर 11.4Nm का टॉर्क देता है. इन आंकड़ों के आधार पर यह यहां शामिल पांचों बाइक्स में सबसे ज्यादा पावर पैदा करती है.

नई पल्सर 125 के महंगे वेरिएंट में एलईडी हेडलाइट और टीएफटी इंस्ट्रूमेंट डिस्प्ले जैसे आधुनिक फीचर्स भी दिए गए हैं.

किसके लिए कौन सी बाइक?

अगर प्राथमिकता ज्यादा पावर है तो नई बजाज पल्सर 125 मजबूत विकल्प बनती है. स्पोर्टी डिजाइन और फीचर्स के लिए टीवीएस रेडर 125 और हीरो एक्सट्रीम 125आर पर विचार किया जा सकता है. क्रूज कंट्रोल जैसे खास फीचर के कारण हीरो ग्लैमर एक्स अलग पहचान बनाती है. वहीं होंडा एसपी 125 उन ग्राहकों के लिए बेहतर विकल्प हो सकती है, जो रोजाना इस्तेमाल के लिए सिंपल बाइक के साथ आधुनिक फीचर्स भी चाहते हैं.

हालांकि, बाइक खरीदने से पहले अपने शहर की ऑन-रोड कीमत जरूर जांच लें, क्योंकि एक्स-शोरूम कीमत के अलावा बीमा, पंजीकरण और दूसरे शुल्क जुड़ने से अंतिम कीमत 1 लाख रुपये से ऊपर जा सकती है.