☰
LIFE STYLE

छठ में 36 घंटे का निर्जला व्रत रखने से पहले क्यों खाया जाता है कद्दू-भात? जानिए इस परंपरा के पीछे का धार्मिक और वैज्ञानिक महत्व

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

टीनपी डेस्क (TNP DESK):  बिहार का महापर्व छठ सिर्फ एक त्योहार नहीं, लोगों की आस्था का प्रतीक है, इस पर्व में व्रती पूरे आस्था, विश्वास और कठिन 36 घंटे का निर्जला व्रत रखते है. इस पर्व में व्रती महिलाएं और पुरुष न अन्न ग्रहण किया जाता है और न ही पानी पिया जाता है. छठ व्रत करने वाले लोग सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना करते हुए परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की लंबी उम्र की कामना करते हैं. खासकर संतान सुख की प्राप्ति और संतान के अच्छे स्वास्थ्य के लिए भी कई महिलाएं पूरी श्रद्धा के साथ यह कठिन व्रत करती हैं. चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है. इस दिन व्रती स्नान और घर की साफ-सफाई के बाद कद्दू-भात का प्रसाद ग्रहण करते हैं. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि छठ व्रत की शुरुआत कद्दू-भात से ही क्यों होती है? क्या इसके पीछे सिर्फ धार्मिक मान्यता है या इसके कुछ वैज्ञानिक और स्वास्थ्य से जुड़े कारण भी हैं?

13 नवंबर से शुरू होगा छठ महापर्व

साल 2026 में छठ पूजा का चार दिवसीय आयोजन 13 नवंबर से 16 नवंबर तक होगा

-13 नवंबर, शुक्रवार: नहाय-खाय

-14 नवंबर, शनिवार: खरना

-15 नवंबर, रविवार: संध्या अर्घ्य

- 16 नवंबर, सोमवार: उषा अर्घ्य और पारण

नहाय-खाय के दिन व्रती सुबह स्नान कर स्वच्छ कपड़े पहनते हैं. इसके बाद घर और रसोई की विशेष सफाई की जाती है. इस दिन बनने वाले भोजन में कद्दू-भात का खास महत्व होता है. इसे पूरी शुद्धता और सात्विकता के साथ तैयार किया जाता है.

कद्दू-भात से ही क्यों होती है व्रत की शुरुआत?

छठ पूजा में कद्दू-भात को पवित्रता और सात्विकता का प्रतीक माना जाता है. इसे बनाने में लहसुन-प्याज का इस्तेमाल नहीं किया जाता. कई घरों में कद्दू की सब्जी शुद्ध घी या सरसों के तेल और सेंधा नमक से तैयार की जाती है. इसके साथ चावल परोसा जाता है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, नहाय-खाय का भोजन ग्रहण करने के साथ ही व्रती अपने शरीर और मन को छठ के कठिन नियमों के लिए तैयार करते हैं. यह भोजन केवल पेट भरने का माध्यम नहीं, बल्कि संयम, अनुशासन और पवित्रता के संकल्प की शुरुआत भी है.

लौकी और कद्दू में छिपे हैं सेहत के फायदे

कद्दू-भात के साथ कई परिवारों में लौकी से बनी सब्जी भी खाई जाती है. लौकी और कद्दू दोनों में पानी और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं. इनसे तैयार हल्का भोजन शरीर को पोषण देने में मदद कर सकता है.

इसके कुछ प्रमुख फायदे हैं.

-शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद: लौकी में पानी की मात्रा अधिक होती है, जो शरीर में तरल की पूर्ति में योगदान देती है.

-पाचन के लिए फायदेमंद: इसमें मौजूद फाइबर पाचन प्रक्रिया को बेहतर बनाने में मदद करता है.

-हल्का और सुपाच्य भोजन: अच्छी तरह पकी लौकी और कद्दू आसानी से पचने वाले भोजन का हिस्सा हो सकते हैं.

-पोषक तत्वों की पूर्ति: लौकी और कद्दू में पोटैशियम, विटामिन और अन्य पोषक तत्व पाए जाते हैं.

36 घंटे के निर्जला व्रत से पहले क्यों जरूरी है पौष्टिक भोजन?

छठ पूजा में खरना के दिन शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करने के बाद निर्जला व्रत शुरू होता है. इसके बाद व्रती संध्या अर्घ्य और अगली सुबह उषा अर्घ्य देने तक बिना भोजन और पानी के रहते हैं. इस दौरान शरीर को डिहाइड्रेशन और कमजोरी का खतरा हो सकता है. ऐसे में व्रत शुरू होने से पहले संतुलित और पौष्टिक भोजन करना जरूरी माना जाता है. नहाय-खाय और खरना के दौरान मिलने वाला भोजन शरीर को ऊर्जा और जरूरी पोषक तत्व उपलब्ध कराने में मदद करता है. साथ ही निर्जला व्रत से पहले पर्याप्त पानी और तरल पदार्थ लेना भी महत्वपूर्ण है.

डॉक्टर की सलाह: सेहत का रखें विशेष ध्यान

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, लंबे समय तक भोजन और पानी नहीं लेने से शरीर में पानी की कमी, कमजोरी, सिरदर्द और चक्कर आने जैसी समस्याएं हो सकती हैं. इसलिए निर्जला व्रत रखने से पहले शरीर को पर्याप्त पोषण और तरल पदार्थ देना जरूरी है. हालांकि, यह समझना भी जरूरी है कि केवल कद्दू-भात खाने से 36 घंटे के निर्जला व्रत के दौरान डिहाइड्रेशन से बचने की गारंटी नहीं मिलती. कद्दू-भात धार्मिक परंपरा के साथ पौष्टिक भोजन का एक पारंपरिक विकल्प है, कोई चिकित्सकीय अनिवार्यता नहीं. डायबिटीज, किडनी और हृदय रोग से पीड़ित लोगों, गर्भवती महिलाओं और अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे लोगों को निर्जला व्रत रखने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए. व्रत के दौरान बेहोशी, अत्यधिक चक्कर या भ्रम जैसी स्थिति होने पर इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और तुरंत डॉक्टर से मदद लेनी चाहिए.