LIFE STYLE

सड़क पर क्यों बनी होती हैं सफेद-पीली पट्टियां? जानिए टूटी और सीधी लाइनों का अंतर

Rashmi Prasad CE
Copy Editor
सड़क पर क्यों बनी होती हैं सफेद-पीली पट्टियां? जानिए टूटी और सीधी लाइनों का अंतर

टीनपी डेस्क (TNP DESK):  क्या आपने कभी सोचा है कि सड़क पर सफेद पट्टियां क्यों बनी होती है. अक्सर लोगों को लगता है की सफेद–पीली रंग की पट्टियां जरूर खूबसूरती के लिए बनाई गई होगी लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी की ये कोई खूबसूरती के उद्देश से नहीं बल्कि खास मकसद के लिए बनाया गया है.  ये पट्टियां सड़क सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं. इन्हें 'साइलेंट ट्रैफिक पुलिस' भी कहा जाता है, जो बिना कुछ बोले हर पल ड्राइवरों को सुरक्षित चलने के निर्देश देती हैं. इन पट्टियों के अलग-अलग रंग और डिजाइन (जैसे सीधी या टूटी हुई लाइन) के पीछे ट्रैफिक के खास नियम छुपे होते हैं, जिन्हें नजरअंदाज करने पर भारी चालान या गंभीर सड़क हादसा भी हो सकता है.

सफेद पट्टियों का खेल

सड़क के बीचोंबीच दिखने वाली सफेद पट्टियां सबसे आम हैं, लेकिन इनके अलग-अलग रूपों का मतलब पूरी तरह बदल जाता है. अगर सड़क पर एक बिल्कुल सीधी और लंबी सफेद पट्टी (Solid White Line) बनी है, तो इसका साफ निर्देश है कि आप जिस लेन में चल रहे हैं, उसी में बने रहें.

आपको किसी भी हाल में दूसरी लेन में नहीं जाना है और न ही ओवरटेक करना है. इसके विपरीत, अगर यही सफेद पट्टी टुकड़ों में यानी टूटी हुई (Broken White Line) दिखाई दे, तो नियम थोड़े लचीले हो जाते हैं. इसका मतलब होता है कि आप जरूरत पड़ने पर सुरक्षित तरीके से अपनी लेन बदल सकते हैं या दूसरी गाड़ी को इंडिकेटर देकर ओवरटेक कर सकते हैं.

पीली लाइनों का सख्त पहरा, जानिए सिंगल और डबल लाइन का अंतर

पीले रंग की पट्टियां सड़क पर और भी सख्त नियमों का संकेत देती हैं. अगर आपको सड़क पर एक सीधी पीली पट्टी (Solid Yellow Line) दिखाई देती है, तो इसका मतलब है कि आप अपनी लेन में रहते हुए ही आगे वाली गाड़ी को ओवरटेक कर सकते हैं, लेकिन लाइन के उस पार जाना सख्त मना है.

हालांकि, अलग-अलग राज्यों में इसके क्षेत्रीय नियम बदल जाते हैं, जैसे तेलंगाना में इस लाइन के भीतर भी ओवरटेक करने की अनुमति नहीं होती है. वहीं, अगर सड़क के बीच में दो समानांतर सीधी पीली पट्टियां (Double Yellow Lines) बनी हों, तो इसका मतलब है कि सुरक्षा का दायरा सबसे कड़ा है. यहाँ आपको अपनी ही लेन में सीमित रहना है और लाइन पार करने की बिल्कुल अनुमति नहीं होती है.

जब सीधी और टूटी लाइनें दिखें साथ, तो क्या कहता है ट्रैफिक नियम?

इनके अलावा, कई बार सड़कों पर पीली लाइन के कुछ अनोखे पैटर्न भी देखने को मिलते हैं. यदि सड़क पर पीली पट्टी टुकड़ों में यानी टूटी हुई दिखे, तो आप बेहद सावधानी के साथ उस पट्टी के ऊपर से गुजर सकते हैं और ओवरटेक कर सकते हैं. सबसे दिलचस्प स्थिति तब होती है जब सड़क के बीचोंबीच एक सीधी पीली पट्टी और एक टूटी हुई पीली पट्टी दोनों साथ-साथ चलती हैं. इसका नियम यह है कि यदि आप टूटी हुई पीली पट्टी की तरफ गाड़ी चला रहे हैं, तो आप ओवरटेक कर सकते हैं.

लेकिन, यदि आपकी गाड़ी सीधी पीली लाइन की तरफ है, तो आपके लिए ओवरटेक करना पूरी तरह प्रतिबंधित होता है. इन नियमों को समझकर गाड़ी चलाने से सफर हमेशा सुरक्षित रहता है.