टीएनपी डेस्क (TNP DESK):गर्मियों के मौसम में तेज धूप और बढ़ते तापमान का असर सबसे पहले हमारी त्वचा पर दिखाई देता है.लंबे समय तक धूप में रहने से त्वचा झुलस सकती है, टैनिंग हो सकती है और कई बार जलन व रुखापन भी बढ़ जाता है.आमतौर पर लोग धूप से बचाव के लिए सनस्क्रीन का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन कुछ लोग ऐसे भी होते हैं जो प्राकृतिक उपायों को प्राथमिकता देते है.ऐसे में कुछ घरेलू नुस्खे त्वचा को ठंडक देने और धूप के प्रभाव को कम करने में मदद कर सकते है.
एलोवेरा जेल का करें इस्तेमाल
धूप में निकलने से पहले ताजा एलोवेरा जेल की पतली परत चेहरे और खुले हिस्सों पर लगाई जा सकती है.एलोवेरा त्वचा को ठंडक पहुंचाने के साथ-साथ उसे हाइड्रेट रखने में मदद करता है. इसके नियमित उपयोग से त्वचा पर धूप के कारण होने वाली जलन भी कम हो सकती है.
खीरे और गुलाब जल का मिश्रण
खीरा त्वचा को ठंडक देने के लिए जाना जाता है. एक खीरे का रस निकालकर उसमें थोड़ा गुलाब जल मिलाएं और कॉटन की मदद से चेहरे पर लगाएं.यह त्वचा को ताजगी देने के साथ-साथ धूप के कारण होने वाली गर्मी से राहत पहुंचाने में मदद कर सकता है.
दही और बेसन का पैक
दही में मौजूद प्राकृतिक गुण त्वचा को नमी प्रदान करते है. एक चम्मच दही में थोड़ा बेसन मिलाकर चेहरे पर लगाएं और 10-15 मिनट बाद धो लें. यह उपाय त्वचा को मुलायम बनाने और टैनिंग कम करने में सहायक माना जाता है.
नारियल तेल भी हो सकता है फायदेमंद
त्वचा के रूखेपन को दूर करने के लिए हल्की मात्रा में नारियल तेल लगाया जा सकता है. यह त्वचा को मॉइस्चराइज रखने में मदद करता है और धूप के बाद होने वाली रुखापन को कम कर सकता है.
इन बातों का भी रखें ध्यान
घरेलू नुस्खों के साथ-साथ धूप में निकलते समय छाता, टोपी या सूती कपड़े का इस्तेमाल करना भी जरूरी है. पर्याप्त मात्रा में पानी पीना और शरीर को हाइड्रेट रखना त्वचा की सेहत के लिए फायदेमंद होता है.
