LIFE STYLE

गर्मी में कूलर नहीं कर रहा कूलिंग? इन आसान उपायों से चिलचिलाती गर्मी में भी ठंडा रहेगा कमरा

Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer
गर्मी में कूलर नहीं कर रहा कूलिंग? इन आसान उपायों से चिलचिलाती गर्मी में भी ठंडा रहेगा कमरा

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): गर्मी के मौसम में एक तरफ जहां कड़क धूप परेशान करती है, तो वहीं दूसरी तरफ उमस भरी गर्मी लोगों का जीना मुहाल कर देती है. ऐसे में केवल पंखे से काम नहीं चलता, इसलिए लोग कूलर का सहारा लेते हैं ताकि थोड़ी राहत मिल सके.लेकिन कूलर का सही इस्तेमाल और उसकी सही देखभाल न करने की वजह से वह ठंडी हवा की जगह उमस भरी हवा देने लगता है.ऐसे में कूलर का सही तरीके से इस्तेमाल करना और उसके रखरखाव की सही जानकारी होना जरूरी है.आज हम आपको इस आर्टिकल के जरिए कूलर के सही इस्तेमाल और उसकी देखभाल के बारे में बता रहे है, जिससे भीषण गर्मी में भी आपका कूलर एसी जैसी ठंडी हवा देगा और पूरा कमरा ठंडा-ठंडा कूल-कूल रहेगा.

कूलर का सही इस्तेमाल है बहुत ज़रूरी

आपको बता दें कि गर्मी के दिनों में दिन तो जैसे-तैसे कट जाता है, लेकिन रात में लोग चैन की नींद सोने के लिए तरसते है. ऐसे में अगर कूलर ठंडी हवा न दे तो परेशानी और बढ़ जाती है.इसके सही इस्तेमाल न करने की वजह से कूलर ठंडी हवा की जगह उमस भरी हवा देने लगता है.मौसम में बढ़ी हुई नमी, कूलर की सही देखभाल न करना और गलत तरीके से इस्तेमाल करना आपको और ज्यादा परेशानी में डाल देता है. ऐसे में आइए इसके सही इस्तेमाल और रखरखाव के बारे में जानते हैं, ताकि भीषण गर्मी में भी चैन की नींद सो सकें.

बंद कमरे में ना रखें कूलर

आपको बता दें कि चाहे आप कितनी भी बड़ी और महंगी कंपनी का कूलर खरीद लें, अगर उसे सही जगह पर नहीं रखेंगे तो वह पंखे से भी बदतर हवा देगा और गर्मी में आपको और ज्यादा परेशान करेगा. कूलर को कभी भी कमरे के अंदर नहीं रखना चाहिए, वरना उसकी हवा और नमी कमरे में ही बनी रहती है, जिससे उमस बढ़ जाती है.कूलर को कभी भी बंद कमरे या पूरी तरह बंद बालकनी में नहीं रखना चाहिए.इसे हमेशा ऐसी जगह पर रखना चाहिए, जहां इसे ताजी हवा मिलती रहे. बेहतर होगा कि इसे खिड़की के पास रखें. इससे कूलर को ताजी हवा मिलती है और वह पूरे कमरे को अच्छी तरह ठंडा कर देता है. इसके साथ ही अगर कमरे में सीधी धूप आती है तो कमरे का तापमान तेजी से बढ़ जाता है.ऐसे में मोटे पर्दे, ब्लाइंड्स या सन कंट्रोल पर्दे का इस्तेमाल करें. इससे कमरा कम गर्म होगा और कूलर भी बेहतर तरीके से ठंडक देगा.

खिड़की दरवाजे खोल कर रखें

आपको बता दें कि जिस कमरे में आप कूलर चला रहे हैं, उसे पूरी तरह बंद नहीं रखना चाहिए. कूलर से निकलने वाली ठंडी हवा और नमी बंद कमरे में ही भर जाती है, जिससे उमस बढ़ती है और गर्मी का एहसास होता है.इसलिए हमेशा खिड़की या दरवाजे को थोड़ा खुला रखना चाहिए, ताकि कमरे की गर्म हवा आसानी से बाहर निकल सके और उचित वेंटिलेशन बना रहे.

कूलर के साथ चलायें सीलिंग फेन

कई लोग कूलर चलाते समय सीलिंग फैन बंद कर देते है. आपको यह गलती नहीं करनी चाहिए अगर आप कूलर के साथ सीलिंग फैन का भी इस्तेमाल करते हैं तो गर्मी काफी हद तक कम हो जाती है. इस दौरान कमरे को पूरी तरह बंद न रखें.खिड़की और दरवाजे खुले रखें, ताकि गर्म हवा बाहर निकलती रहे और बाहर से ताजी हवा अंदर आती रहे.

कूलर का सही रख रखाव जरूरी

केवल कूलर का सही तरीके से इस्तेमाल करना ही काफी नहीं है, बल्कि उसके रखरखाव का तरीका भी आपको आना चाहिए. बहुत से लोग सिर्फ कूलर चलाते हैं, लेकिन उसकी सफाई नहीं करते, जिससे वह अच्छी तरह काम नहीं कर पाता.ऐसे में आपको समय-समय पर कूलिंग पैड की सफाई करते रहनी चाहिए, क्योंकि हनीकॉम्ब या घास वाले पैड पर धूल और गंदगी जम जाती है, जिससे पानी का फ्लो कम हो जाता है और कूलर की कूलिंग भी कम हो जाती है. इसलिए नियमित रूप से सफाई करते रहें। अगर कूलिंग पैड पुराना या खराब हो गया है तो उसे समय-समय पर बदलते रहें.

ठंडा पानी या बर्फ भी डाल सकते है

कूलर में कभी भी गर्म पानी नहीं डालना चाहिए.अगर जरूरत पड़े और आपके पास बर्फ या आइस पैक हो तो उसे कूलर में डाल सकते है. इससे पहले की तुलना में ज्यादा ठंडी हवा मिलती है. हालांकि यह ज्यादा देर तक नहीं रहता, क्योंकि बर्फ पिघलने के बाद पानी फिर गर्म हो जाता है.फिर भी अगर आप गर्मी से बहुत ज्यादा परेशान हैं तो यह तरीका अपना सकते है.

साफ सफाई रखें विशेष ध्यान

अगर आप बारिश या उमस के मौसम में कूलर का इस्तेमाल कर रहे है तो उसकी साफ-सफाई का खास ध्यान रखना चाहिए. कूलर का पानी एक या दो दिन में बदलते रहना चाहिए, क्योंकि बारिश के मौसम में पानी जल्दी खराब हो जाता है और उसमें बदबू आने लगती है. इसलिए कूलर की नियमित और अच्छी तरह सफाई करते रहना बेहद जरूरी है.