टीएनपी डेस्क (TNP DESK): दिवाली का त्योहार अब करीब है. ऐसे में घरों में साफ-सफाई से लेकर सजावट तक की तैयारियां शुरू हो गई हैं. कोई अपने घर की बालकनी को सजाने में जुटा है, तो कोई मेन गेट और घर के आंगन को खूबसूरत बनाने की योजना बना रहा है. वहीं, कई लोग रंगोली, फूलों और रंग-बिरंगी लाइटों से घर को नया लुक देने की तैयारी कर रहे हैं. लेकिन इन सबके बीच अक्सर घर की सीढ़ियां सजाना भूल जाते हैं. अगर आपके घर में भी सीढ़ियां हैं और आप इस दिवाली कुछ अलग करना चाहते हैं, तो इन्हें भी अपनी डेकोरेशन का हिस्सा बना सकते हैं. खास बात यह है कि इसके लिए आपको महंगे सजावटी सामान खरीदने की जरूरत नहीं है. घर में मौजूद मिट्टी के दीये, गेंदे के फूल, छोटी झालरें और गमलों की मदद से सीढ़ियों को बेहद आकर्षक बनाया जा सकता है.
मिट्टी के दीयों से बढ़ाएं रौनक
दिवाली पर दीयों के बिना सजावट अधूरी लगती है. ऐसे में आप सीढ़ियों के दोनों किनारों पर छोटे-छोटे मिट्टी के दीये रख सकते हैं. इन्हें बराबर दूरी पर सजाएं और आसपास फूलों की पंखुड़ियां बिछा दें. इससे सीढ़ियों पर पारंपरिक और खूबसूरत लुक नजर आएगा. हालांकि, दीये ऐसी जगह रखें जहां आने-जाने में परेशानी न हो और आग लगने का खतरा भी न रहे.
रंगीन झालरों से सजाएं रेलिंग
सीढ़ियों की रेलिंग पर रंग-बिरंगी एलईडी झालर लगाना एक अच्छा विकल्प है. आप चाहें तो सुनहरी, सफेद या पीली रोशनी वाली लाइटों का इस्तेमाल कर सकते हैं. इससे पूरा रास्ता जगमगा उठेगा और घर में त्योहार जैसा माहौल बनेगा.
गेंदे के फूलों से करें सजावट
दिवाली की सजावट में गेंदे के फूलों का अपना अलग महत्व है. आप सीढ़ियों की रेलिंग पर फूलों की लड़ियां लटका सकते हैं. इसके अलावा सीढ़ियों के कोनों में फूलों की छोटी-छोटी सजावट भी कर सकते हैं. पीले और नारंगी फूल घर को पारंपरिक अंदाज देंगे.
रंगोली से सजाएं सीढ़ियों का कोना
अगर आपको रंगोली बनाना पसंद है, तो सीढ़ियों के चौड़े हिस्से या आसपास की खाली जगह पर छोटी रंगोली बना सकते हैं. इसमें रंगों के साथ फूलों और दीयों का इस्तेमाल करने से सजावट और भी आकर्षक लगेगी.
छोटे गमलों से बनाएं खूबसूरत कोना
अगर आपको हरियाली पसंद है, तो सीढ़ियों के खाली कोनों में छोटे सजावटी गमले रख सकते हैं. इनमें फूलों वाले या हरे पौधे लगाएं. इससे सीढ़ियां देखने में ताजा और आकर्षक लगेंगी.
दीवारों पर लगाएं छोटी सजावटी लाइटें
सीढ़ियों के साथ लगी दीवारों को भी सजावट में शामिल करें. यहां छोटी लटकती लाइटें, स्टार शेप या फूलों वाली लाइटें लगा सकते हैं. इससे सीढ़ियों का पूरा हिस्सा रोशनी से भर जाएगा.
