LIFE STYLE

बारिश में गार्डन में भूलकर भी न लगाएं ये 4 पौधे, सांपों का बन सकता है ठिकाना!

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

टीनपी डेस्क (TNP DESK): बारिश का मौसम आते ही हरियाली बढ़ जाती है और पेड़-पौधों की खूबसूरती देखते ही बनती है. घर की बालकनी, छत या गार्डन में पौधे लगाने का शौक भी इस मौसम में बढ़ जाता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि घर के आसपास मौजूद घनी झाड़ियां और कुछ तरह के पौधे सांपों को छिपने के लिए बेहतर जगह दे सकते हैं. दरअसल, तेज बारिश के दौरान सांपों के बिलों में पानी भर जाता है. ऐसे में वे सूखी और सुरक्षित जगह की तलाश में घरों के आसपास पहुंच सकते हैं. घने पौधे, झाड़ियां और लंबे घास वाले हिस्से उन्हें छिपने की जगह देने के साथ छोटे जीव-जंतुओं को भी आकर्षित कर सकते हैं. हालांकि, यह समझना जरूरी है कि कोई पौधा अपने आप सांपों को बुलाता नहीं है. आमतौर पर सांप भोजन, आश्रय और नमी वाली जगहों की तलाश में आते हैं. ऐसे में मानसून के दौरान गार्डन की सफाई और पौधों की सही जगह पर देखभाल बेहद जरूरी है.

बांस

बांस का पौधा घर और गार्डन की खूबसूरती बढ़ाने के साथ प्राइवेसी के लिए भी लगाया जाता है. लेकिन बांस की घनी झाड़ियां सांपों के छिपने के लिए उपयुक्त जगह बन सकती हैं. बांस के पौधे जब तेजी से फैलते हैं, तो उनके बीच काफी घनापन हो जाता है और अंदर का हिस्सा आसानी से दिखाई नहीं देता. बारिश के मौसम में इन झाड़ियों के आसपास नमी भी बनी रहती है. ऐसे में अगर बांस घर की दीवार, बाउंड्री या मुख्य रास्ते के बिल्कुल पास लगा है, तो उसके आसपास नियमित रूप से सफाई करना जरूरी है.

लेमनग्रास

लेमनग्रास अपनी खुशबू और उपयोगिता के कारण काफी लोकप्रिय पौधा है. इसे कई लोग घर के गार्डन या बालकनी में लगाते हैं. हालांकि, जब लेमनग्रास काफी घना हो जाता है, तो उसके निचले हिस्से में अंधेरा और नम वातावरण बन सकता है. ऐसी जगहों पर कीड़े-मकौड़े और छोटे जीव छिप सकते हैं. इन्हीं जीवों की मौजूदगी सांपों को उस इलाके की ओर आकर्षित कर सकती है. इसलिए लेमनग्रास को घर की दीवार से चिपकाकर लगाने के बजाय थोड़ी दूरी पर रखें और समय-समय पर इसकी अतिरिक्त पत्तियों और घास को काटते रहें.

जैस्मीन (चमेली)

चमेली का पौधा अपनी खूबसूरत फूलों और खुशबू के लिए जाना जाता है. कई घरों में इसे सजावट के लिए लगाया जाता है. लेकिन इसकी बेल और घनी शाखाएं अगर लंबे समय तक बिना कटाई-छंटाई के बढ़ती रहें, तो इनके बीच सांपों या दूसरे छोटे जीवों के छिपने की जगह बन सकती है. इसके अलावा पौधों की घनी पत्तियों में कीड़े-मकौड़े भी मौजूद हो सकते हैं. इसलिए मानसून के दौरान चमेली की नियमित छंटाई करें और पौधे के आसपास कूड़ा, सूखी पत्तियां या घास जमा न होने दें.

चंदन

चंदन का पौधा अपनी खुशबू और धार्मिक महत्व के कारण काफी खास माना जाता है. हालांकि, चंदन को लेकर यह कहना सही नहीं होगा कि वह सीधे तौर पर सांपों को आकर्षित करता है. लेकिन अगर इसके आसपास घनी वनस्पति, झाड़ियां, सूखी पत्तियां या नमी जमा हो जाए, तो वह हिस्सा सांपों समेत कई जीवों के लिए छिपने की जगह बन सकता है. इसलिए अगर घर के आसपास चंदन या कोई भी घना पौधा लगा है, तो उसके आसपास का क्षेत्र साफ और खुला रखना जरूरी है.

मानसून में गार्डन की सफाई सबसे जरूरी

घर में किसी भी पौधे को सिर्फ इस डर से हटाना जरूरी नहीं है कि वह सांप को आकर्षित करेगा. विशेषज्ञों के अनुसार, सांप आमतौर पर भोजन और सुरक्षित आश्रय की तलाश में इंसानी बस्तियों के करीब आते हैं. इसलिए घर के आसपास घनी झाड़ियां, लंबी घास, लकड़ी का ढेर, कूड़ा और पानी जमा होने वाली जगहों को साफ रखना ज्यादा महत्वपूर्ण है. रात में गार्डन या बाहर निकलते समय टॉर्च का इस्तेमाल करें और किसी घने पौधे में हाथ डालने से बचें. अगर घर के आसपास सांप दिखाई दे, तो उसे पकड़ने या मारने की कोशिश न करें और प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या स्थानीय वन विभाग से मदद लें.