☰
LIFE STYLE

ठंड शुरू होने से पहले ही हाथ हो रहे हैं रूखे और खुरदरे? आजमाएँ ये घरेलू नुस्खा

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

टीनपी डेस्क (TNP DESK): देश के कई इलाकों में ठंड ने दस्तक देना शुरू कर दिया है. ऐसे में अक्सर कई लोगों को शिकायत रहती है की उनके हाथ ठंड आने से पहले ही फट रहे है और खुरदरे हो रहे है. महंगे महंगे मॉइस्चराइजर लगाने के बाद भी कोई हल नहीं निकलता और अंततः लोगों को  परेशानियों का सामना कर पड़ता है. ऐसे में मौसम में बदलाव का असर सिर्फ चेहरे पर ही नहीं, बल्कि हाथों की त्वचा पर भी पड़ता है. ठंड शुरू होने से पहले ही कई लोगों के हाथ रूखे और बेजान होने लगते हैं. बार-बार हाथ धोना, हेंडवाश का इस्तेमाल करना और बर्तन या कपड़े साफ करते समय डिटर्जेंट के संपर्क में आना भी इसकी वजह हो सकता है. ऐसे में कई लोगों की उंगलियों के आसपास की त्वचा फटने लगती है, जिससे दर्द और जलन भी होती है. ऐसे में हाथों की देखभाल के लिए हमेशा महंगे प्रोडक्ट या मॉइस्चराइजर खरीदने की जरूरत नहीं है. घर में मौजूद कुछ चीजें और रोजमर्रा की छोटी-छोटी आदतें त्वचा को मुलायम बनाए रखने में मदद कर सकती हैं.

हाथ धोने के बाद मॉइस्चराइजर लगाए

हाथों की त्वचा को रूखेपन से बचाने का सबसे आसान तरीका है, हर बार हाथ धोने के बाद मॉइस्चराइजर लगाना. इसके लिए ग्लिसरीन, सेरामाइड या पेट्रोलियम जेली वाले प्रोडक्ट इस्तेमाल कर सकते हैं. हाथों को तौलिए से हल्के से सुखाएं और त्वचा में थोड़ी नमी रहने पर ही क्रीम लगा लें. इससे त्वचा की नमी बनाए रखने में मदद मिलती है.

रात में हाथों को दें खास देखभाल

दिनभर के काम के बाद रात का समय हाथों की देखभाल के लिए अच्छा हो सकता है. सोने से पहले हाथों पर पेट्रोलियम जेली या गाढ़ी मॉइस्चराइजिंग क्रीम लगाएं. इसके बाद चाहें तो सूती दस्ताने पहन सकते हैं. इससे त्वचा में नमी बनाए रखने में मदद मिल सकती है. नियमित रूप से ऐसा करने पर रूखेपन में राहत मिल सकती है.

खुद बनाए मॉइस्चराइजर

रूखी त्वचा पर नारियल तेल लगाने से कुछ लोगों को आराम मिल सकता है. यह त्वचा को मुलायम बनाने में मदद करता है. वहीं, सरसों का तेल हर किसी की त्वचा को सूट करे, यह जरूरी नहीं है. अगर आप नारियल तेल या किसी दूसरे तेल का इस्तेमाल करते हैं, तो पहले त्वचा के छोटे हिस्से पर लगाकर देखें. जलन, खुजली या लालिमा होने पर इसका इस्तेमाल बंद कर दें. नारियल तेल में कपूर मिलाकर लगाने का घरेलू नुस्खा भी कई जगह बताया जाता है. ऐसे में अगर आपको यह मॉइस्चराइजर सूट करे तो ही लगाए.

सफाई करते समय इन बातों का रखें ध्यान

बर्तन धोने और घर की सफाई के दौरान वाटरप्रूफ दस्ताने पहनें, ताकि हाथ सीधे साबुन और डिटर्जेंट के संपर्क में न आएं. हाथ धोने के लिए बहुत गर्म पानी का इस्तेमाल न करें. सामान्य या हल्का गुनगुना पानी बेहतर है. तेज खुशबू वाले साबुन और ऐसे उत्पादों से भी बचें, जिनसे त्वचा में जलन होती है.

कब डॉक्टर को दिखाना जरूरी है?

अगर हाथों में गहरी दरारें पड़ रही हैं, खून निकल रहा है, सूजन या तेज दर्द है, अथवा नियमित मॉइस्चराइजर लगाने के बाद भी परेशानी कम नहीं हो रही है, तो त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लें. कभी-कभी लगातार रूखेपन के पीछे एक्जिमा या त्वचा की दूसरी समस्या भी हो सकती है.