टीनपी डेस्क (TNP DESK): मानसून का मौसम कई लोगों राहत देता है तो कई लोगों को परेशान भी करता है. मॉनसून में कीड़े मकोड़े और बीमारियों के साथ अलग अलग तरह ही परेशानियाँ भी खड़े कर देता है. हमें अपने सेहत का ध्यान रखने के साथ साथ कपड़ों का भी उतना ही ध्यान देना पड़ता है. कपड़ों की देखभाल को लेकर नई परेशानियां भी खड़ी कर देता है क्योंकि इस मौसम में धूप कम निकलने और हवा में नमी अधिक होने के कारण कपड़े पूरी तरह सूख नहीं पाते. नतीजा उनमें सीलन, फंगस और बदबू आने लगती है. कई बार अच्छी तरह धोने के बाद भी कपड़ों से दुर्गंध नहीं जाती. अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर अपने कपड़ों को लंबे समय तक ताजा और खुशबूदार रख सकते हैं.
धूप न मिले तो पंखे या हवादार जगह में सुखाएं
मानसून में तेज धूप मिलना मुश्किल होता है. ऐसे में कपड़ों को बंद कमरे में रखने की बजाय पंखे के नीचे या अच्छी हवा वाली जगह पर सुखाएं. कपड़ों में जितनी कम नमी रहेगी, बदबू आने की संभावना उतनी ही कम होगी.
सिरके का करें इस्तेमाल
कपड़े धोते समय आखिरी बार पानी से धोने में आधा कप सफेद सिरका (White Vinegar) मिला दें. सिरका बैक्टीरिया और फंगस को कम करने में मदद करता है और कपड़ों से आने वाली सीलन की बदबू भी दूर करता है. सिरके की गंध सूखने के बाद अपने आप खत्म हो जाती है.
बेकिंग सोडा है असरदार उपाय
अगर कपड़ों से तेज बदबू आ रही है, तो डिटर्जेंट के साथ एक से दो चम्मच बेकिंग सोडा मिलाकर धोएं. बेकिंग सोडा दुर्गंध पैदा करने वाले तत्वों को खत्म करने में मदद करता है और कपड़ों को ताजगी देता है.
अलमारी में रखें नीम की पत्तियां या कपूर
कपड़े पूरी तरह सूखने के बाद ही उन्हें अलमारी में रखें. अलमारी में नीम की सूखी पत्तियां, कपूर या लैवेंडर की खुशबू वाली पोटली रखने से नमी कम होती है और कपड़ों में बदबू नहीं आती. यह फंगस और कीड़ों से भी बचाव करता है.
गीले कपड़ों को देर तक मशीन में न छोड़ें
कई लोग कपड़े धोने के बाद उन्हें घंटों वॉशिंग मशीन में ही छोड़ देते हैं. इससे कपड़ों में बैक्टीरिया तेजी से बढ़ते हैं और उनमें बदबू आने लगती है. इसलिए कपड़े धुलने के तुरंत बाद बाहर निकालकर सुखा दें.
मानसून में कपड़ों की देखभाल के लिए रखें ये बातें याद
- कपड़ों को पूरी तरह सूखने के बाद ही फोल्ड करें.
- गीले तौलिये और कपड़ों को एक साथ न रखें.
- बहुत अधिक डिटर्जेंट का इस्तेमाल करने से बचें.
- बारिश में भीगे कपड़ों को तुरंत धोकर सुखाएं.
- समय-समय पर अलमारी और वॉशिंग मशीन की सफाई करें.
