☰
LIFE STYLE

करवट बदलते-बदलते बीत रहीं रातें, फिर भी नहीं आती है नींद ? इस आसान ट्रिक से मिनटों में मिलेगी अनिद्रा से राहत

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

टीनपी डेस्क (TNP DESK): फिट रहना कौन नहीं चाहता, हर लोग अपनी सेहत का ध्यान रखने के  लिए हर वो चीज करता है जिससे वो फिट एण्ड फाइन रहे. कुछ लोग हेल्थी डाइट लेना पसंद करते है, कुछ लोग जिम जाना तो कुछ लोग घर पर ही एक्सरसाइज करना पसंद करते है. ऐसे में कई लोग यह सोचते है की अगर पूरा दिन हेल्थी लाइफस्टाइल रहा है तो रात में सोते समय सुकून भरी नींद आसानी से आ जाएगी. लेकिन ऐसा होता नहीं है. आजकल की भागदौड़ भरी ज़िंदगी में काम का प्रेशर, ज्यादा स्क्रीनटाइम, और तनाव के कारण कई लोगों की नींद पूरी नहीं हो पाती. ऐसे में रातभर करवट बदलना और सुबह उठने पर थकान महसूस करना आम समस्या बन जाती है.  

एक रिसर्च के मुताबिक, अच्छी सेहत के लिए मानव शरीर को 7 से 9 घंटे की नींद लेना जरूरी होता है. ऐसे में अगर नींद पूरी न हो तो पूरा दिन खराब हो जाता है. ऐसे में चिड़चिड़ापन, तनाव, एकाग्रता में कमी और एंग्जायटी जैसी समस्याएं होने लगती है. ऐसे में क्या आप जानते है की अगर यह समस्या हर दिन हो रही है तो इस समस्या को इनसोम्निया यानी अनिद्रा कहा जाता है. ऐसे में कई लोग इससे छुटकारा पाने के लिए कई दवाईयां खाने लगते है. ऐसे में उनको पहले योग को अपने लाइफस्टाइल का हिस्सा बनाने की जरूरत है. योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना फायदेमंद हो सकता है. कुछ योगासन शरीर को आराम देने और मन को शांत करने में मदद करते हैं.

बालासन (Child’s Pose)

बालासन शरीर की थकान कम करने और मन को शांत करने में मदद कर सकता है. इसे करने के लिए घुटनों के बल बैठें और धीरे-धीरे आगे की ओर झुकें. अपने माथे को जमीन पर टिकाएं और दोनों हाथों को सामने की ओर फैलाएं. अब धीरे-धीरे गहरी सांस लें और छोड़ें. इस स्थिति में उतनी देर रहें, जितना आराम महसूस हो. इससे शरीर को रिलैक्स करने में मदद मिल सकती है.

सुप्त बद्ध कोणासन (Reclined Butterfly Pose)

यह आसन शरीर के निचले हिस्से में खिंचाव और तनाव कम करने में मदद करता है. इसे करने के लिए पीठ के बल लेट जाएं. दोनों पैरों के तलवों को आपस में मिलाएं और घुटनों को धीरे-धीरे बाहर की ओर झुकने दें. जरूरत पड़ने पर घुटनों के नीचे तकिया रखें. हाथों को आराम से बगल में रखें और सांस पर ध्यान केंद्रित करें.

विपरीत करणी (Legs Up the Wall Pose)

दिनभर काम करने के बाद पैरों में थकान महसूस होती है, तो यह आसन आराम देने में मदद कर सकता है. दीवार के पास पीठ के बल लेटें और दोनों पैरों को दीवार के सहारे ऊपर उठाएं. हाथों को शरीर के बगल में रखें और आंखें बंद करके सामान्य रूप से सांस लें. कुछ मिनट इस स्थिति में रहने से शरीर को आराम मिल सकता है.

शवासन (Corpse Pose)

शवासन शरीर और मन को शांत करने के लिए एक सरल योगासन है. इसे करने के लिए पीठ के बल सीधे लेट जाएं. दोनों पैरों के बीच थोड़ी दूरी रखें और हाथों को शरीर से थोड़ा दूर रखें. आंखें बंद करके धीरे-धीरे सांस लें और शरीर की मांसपेशियों को ढीला छोड़ दें. नियमित अभ्यास तनाव कम करने और सोने से पहले मन को शांत करने में मदद कर सकता है.

वज्रासन (Thunderbolt Pose)

वज्रासन को आमतौर पर भोजन के बाद भी किया जाता है. इसके लिए घुटनों को मोड़कर एड़ियों पर बैठें, पीठ सीधी रखें और हाथों को घुटनों पर टिकाएं. अब सामान्य रूप से सांस लें. यह आसन कुछ लोगों को पाचन संबंधी आराम देने में मदद कर सकता है. हालांकि, घुटनों या टखनों में दर्द होने पर इसे करने से बचें. यह सीधे अनिद्रा का इलाज नहीं है, लेकिन आरामदायक दिनचर्या का हिस्सा बन सकता है.

अच्छी नींद के लिए इन बातों का भी रखें ध्यान

योग के साथ सोने और जागने का समय तय रखें. सोने से पहले मोबाइल और लैपटॉप का इस्तेमाल कम करें. शाम के समय चाय-कॉफी से परहेज करें और कमरे का माहौल शांत रखें. अगर लंबे समय तक नींद नहीं आती या इसका असर रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है, तो डॉक्टर से सलाह लें. याद रखें, योग अच्छी नींद पाने में मददगार हो सकता है, लेकिन लगातार बनी रहने वाली अनिद्रा के लिए उचित इलाज जरूरी है.