☰
LIFE STYLE

18, 22 या 24? कितने कैरेट गोल्ड की ज्वेलरी होती है प्योर और सबसे मजबूत, जानिए सोने के साथ किस मेटल की होती है मिलावट

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

टीनपी डेस्क (TNP DESK): त्योहारों का सीजन शुरू हो चुका है और अब धनतेरस भी करीब है. ऐसे में अक्सर लोग धनतेरस के मौके पर  सोना खरीदना पसंद करते है. हिन्दू मान्यताओं की माने तो सोना खरीदना शुभ माना जाता है. ऐसे में इस मौके पर सोना खरीदना भारतीय परंपरा का अहम हिस्सा माना जाता है. कोई सोने के सिक्के खरीदता है, तो कोई अपनी पसंद के गहने. शादी-ब्याह और त्योहारों के इस मौसम में ज्वेलरी की खरीदारी भी बढ़ जाती है. लेकिन जब आप सोना खरीदने बाजार जाते हैं, तो अक्सर 18, 22 और 24 कैरेट जैसे शब्द सुनने को मिलते हैं. ऐसे में कई लोगों के मन में सवाल रहता है कि आखिर कौन सा सोना सबसे शुद्ध है? किस कैरेट की ज्वेलरी ज्यादा मजबूत होती है और किसमें दूसरी धातुओं की मिलावट होती है?

क्या होता है कैरेट का मतलब?

कैरेट सोने की शुद्धता मापने की इकाई है. शुद्धता को 24 हिस्सों में बांटा जाता है. यानी 24 कैरेट सोने में लगभग 99.9 फीसदी शुद्ध सोना होता है. जैसे-जैसे कैरेट कम होता है, सोने में दूसरी धातुओं की मात्रा बढ़ती जाती है. इसमें आमतौर पर तांबा, चांदी, जिंक और निकल मिलाए जाते हैं. इन धातुओं को मिलाने का मकसद सोने को मजबूती देना होता है, क्योंकि शुद्ध सोना काफी नरम होता है और आसानी से मुड़ सकता है.

24 कैरेट गोल्ड सबसे शुद्ध, लेकिन नरम

24 कैरेट सोना लगभग 99.9 फीसदी शुद्ध होता है. इसे सबसे शुद्ध सोना माना जाता है. हालांकि, इसकी नरम प्रकृति के कारण इससे रोजमर्रा में पहने जाने वाले गहने बनाना मुश्किल होता है. इसलिए इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से सोने के सिक्के और बार में किया जाता है. निवेश के लिए यह अच्छा विकल्प है.

22 कैरेट गोल्ड गहनों के लिए बेहतर विकल्प

22 कैरेट सोने में 91.67 फीसदी शुद्ध सोना और 8.33 फीसदी दूसरी धातुएं होती हैं. मिलाई गई धातुओं से इसे मजबूती मिलती है. यही वजह है कि भारत में शादी-ब्याह और पारंपरिक गहनों के लिए 22 कैरेट सोना काफी लोकप्रिय है.

20 और 18 कैरेट गोल्ड

20 कैरेट सोने में 83.33 फीसदी शुद्धता होती है. यह 22 कैरेट से अधिक मजबूत होता है, लेकिन बाजार में कम प्रचलित है. वहीं, 18 कैरेट सोने में 75 फीसदी शुद्ध सोना होता है. बाकी 25 फीसदी हिस्सा दूसरी धातुओं का होता है. इसकी मजबूती और डिजाइन में आसानी के कारण इसका इस्तेमाल डायमंड ज्वेलरी, व्हाइट गोल्ड और रोज गोल्ड जैसे फैशनेबल गहनों में किया जाता है.

14 और 10 कैरेट गोल्ड में कितनी होती है शुद्धता?

14 कैरेट सोने में 58.3 फीसदी और 10 कैरेट सोने में 41.7 फीसदी शुद्ध सोना होता है. बाकी हिस्सा दूसरी धातुओं का होता है. ये गहने मजबूत और अपेक्षाकृत किफायती होते हैं. रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली ज्वेलरी के लिए इन्हें विकल्प के तौर पर देखा जाता है.

सोना खरीदते समय किन बातों का रखें ध्यान?

अगर निवेश के लिए सोना खरीद रहे हैं, तो 24 कैरेट बेहतर विकल्प है. पारंपरिक गहनों के लिए 22 कैरेट और डिजाइनर ज्वेलरी के लिए 18 कैरेट चुना जा सकता है. हालांकि, खरीदारी के समय सिर्फ कैरेट देखकर फैसला न करें. सोने की शुद्धता जांचने के लिए BIS हॉलमार्क और HUID नंबर जरूर देखें. याद रखें, असली सोने की पहचान उसकी चमक से नहीं, बल्कि उसकी शुद्धता से होती है.