News

स्टंट के चक्कर में जान से खिलवाड़! चलती कार में युवकों ने किया कुछ ऐसा... Video वायरल होते ही मच गया हंगामा 

Samiksha Singh
Samiksha Singh
Sr. Content Writer

Tnp desk: हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थल कसोल से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें कुछ युवक चलती कार में खतरनाक स्टंट करते नजर आ रहे हैं. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक कार की छत, खिड़कियों और सनरूफ से बाहर निकलकर सड़क पर जान जोखिम में डालते हुए स्टंट कर रहे हैं.

बता दें कि इस वीडियो को @iNikhilsaini नाम के सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर किया गया है.  वीडियो के कैप्शन मे निखिल ने लिखा है क्या फैंटेसी है ये कपड़े खोल के गाड़ी पर घूमने की, वो भी पहाड़ों में? एक बार के लिए बीच एरिया में भी समझ आ जाए, लेकिन पहाड़? आस-पास दूसरे टूरिस्ट को देखो, लोकल औरतें भी आस-पास घूम रही हैं. यह कैसी बेशर्मी है? इस बर्ताव का कोई बचाव नहीं है. ऐसे कुछ लोग पूरे राज्य की इमेज खराब कर देते हैं.

बताया जा रहा है कि यह वीडियो कसोल क्षेत्र का है, जहां पर्यटकों की भारी आवाजाही रहती है. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों ने इस लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई है. कई यूजर्स ने इसे न सिर्फ युवकों की जान के लिए खतरा बताया, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर जोखिम करार दिया.

स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स ने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेने और संबंधित युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि इस तरह की स्टंटबाजी से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है और गलत संदेश भी जाता है.

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वीडियो कब का है और इसमें शामिल युवकों की पहचान हुई है या नहीं. हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस और प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है.