☰
Jharkhand

निरसा में कोयला चोर - तस्करों की समानांतर व्यवस्था के लिए कौन जिम्मेवार? दो दिनों में दो बड़ी घटनाएं 

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद(DHANBAD): निरसा में कोयला चोर - तस्करों की समानांतर व्यवस्था चल रही है.  निरसा विधायक अरूप  चटर्जी दो बार अवैध खनन स्थल पर रेड  कर चुके हैं, फिर भी कोयला चारों के मनोबल पर कोई असर नहीं पड़ा हैं.  कोयला चोर लगातार सुरक्षा एजेंसियों को ललकार दे रहे हैं.  बता दें कि गुरुवार की शाम कोयला चोरों ने ईसीएल  की सुरक्षा टीम पर हमला किया था.  गुरुवार की शाम राजा कोलियरी में छापेमारी कर टीम लौट रही थी, इस टीम में सीआईएसएफ और ईसीएल  की सुरक्षा से जुड़े लोग शामिल थे.  घात लगाकर कोयला तस्करों ने उन पर हमला कर दिया था.  

गुरुवार को लूट ली थी बाइक ,बहन में हुई थी तोड़फोड़ 

हमलावरों ने जवानों को ले जा रही बोलेरो में जमकर तोड़फोड़ की थी.  जब्त  की गई दो बाईकों में से एक लूट कर फरार हो गए.  दूसरी बाइक भी ले जाने का प्रयास किया, लेकिन अतिरिक्त जवानों के पहुंचने पर हमलावर उसे जंगल में छोड़कर भाग गए.  इधर ,सूचना मिली है कि शुक्रवार की सुबह फिर ईसीएल  मुगमा  एरिया की राजपुरा परियोजना में कोयला चोरों ने सुरक्षा कर्मियों को निशाना बनाया है.  शुक्रवार की सुबह राजपुरा में  मोटरसाइकिल से निकल रहे सुरक्षाकर्मी के साथ दो लोगों ने कथित रूप से जमकर मारपीट की है.  आरोप  है कि महिला और पुरुष ने उन्हें डंडों से पीट कर घायल कर दिया है. 

शुक्रवार की घटना के खिलाफ उत्पादन ठप्प 
 
यह भी  सूचना निकल कर सामने आई है कि इस घटना के विरोध में परियोजना का उत्पादन ठप कर दिया गया है.  उनका कहना है कि राजपुरा प्रबंधन और  पुलिस जब तक इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं करते , तब तक आंदोलन जारी रहेगा।   कोलियरी प्रबंधन ने पुलिस में शिकायत दर्ज करने का भरोसा दिया है.  उल्लेखनीय है कि गुरुवार को सीआईएसएफ  टीम पर पथराव और मोटरसाइकिल लूट  की घटना का मामला अभी चर्चा  में ही था, तब तक राजपुरा परियोजना में सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट की घटना कर दी गई है. 

किसकी  शह पर कोयला चोर कुछ भी करने की हिम्मत कर रहे 

 सवाल उठता है कि आखिर किनकी शह पर कोयला चोर और तस्करों की हिम्मत इतनी बढ़ी  हुई है.  बता दे कि  निरसा  विधायक अरूप  चटर्जी बुधवार को एक बार फिर राजा कोलियरी की खदान के मुहाने पर पहुंचे थे.  अवैध उत्खनन का हाल देखने  वह खदान में भी गए थे.  इसके पहले भी उन्होंने ऐसा किया था.  विधायक का कहना था कि हर दिन शाम होते ही छोटी -बड़ी गाड़ियों की आवाजाही  तेज हो जाती है.  धड़ल्ले से कोयले का अवैध कारोबार चल रहा है.  विधायक ने कहा था कि पूरा सिस्टम कोयला चोरी में संलिप हो गया है और यही वजह है कि कोयला चोरों का मनोबल सिर  चढ़कर बोल रहा है.