Jharkhand

कबाड़ी व्यवसायी के साथ खौफनाक वारदात! पत्थर से बांधकर कारो नदी में फेंका शव, जांच में जुटी पुलिस

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

पश्चिमी सिंहभूम(WEST SINGHBHUM): जिले के गुवा थाना क्षेत्र से हत्या की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहां एक कबाड़ी व्यवसायी की हत्या कर उसके शव को बड़े पत्थर से बांधकर कारो नदी में फेंक दिया गया. रविवार को स्थानीय लोगों ने नदी में शव देखा, जिसके बाद इसकी सूचना गुवा थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला. बता दें, मृतक की पहचान 39 वर्षीय कुर्मान शेख के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा का रहने वाला था. वह पिछले कुछ समय से गुवा और आसपास के इलाकों में घूम-घूमकर लोहे का कबाड़ खरीदने का काम करता था. कुर्मान गुवा के हिरजी हाटिंग इलाके में किराए के मकान में अपने साथी अल्ताफ शेख के साथ रह रहा था.

शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि कुर्मान शेख की हत्या सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला कर की गई. इसके बाद पहचान छिपाने और सबूत मिटाने की कोशिश में शव को बड़े पत्थर से बांधकर कारो नदी में फेंक दिया गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण और हत्या कैसे की गई, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने आएगी. फिलहाल पुलिस घटनास्थल और उसके आसपास से सबूत जुटाने में लगी हुई है.

मामले की जांच कई पहलुओं से की जा रही है. पुलिस मृतक के साथ रहने वाले लोगों, स्थानीय कबाड़ी कारोबारियों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हत्या के पीछे व्यक्तिगत रंजिश, लूटपाट या कोई अन्य कारण था. इस घटना के बाद गुवा बाजार, हिरजी हाटिंग और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही हत्या का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा.