Jharkhand

Maiya Samman Yojana Update: महुदी पंचायत में लाभुकों का सत्यापन शुरू, रोज 40 महिलाओं का होगा वेरिफिकेशन

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

SINGHBHUM (सिंहभूम): मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत लाभुक महिलाओं के भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया नोवामुंडी प्रखंड के महुदी पंचायत भवन में शुरू कर दी गई है. योजना का लाभ सही और पात्र महिलाओं तक पहुंचे, इसके लिए पंचायत स्तर पर नियमित रूप से सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है. पंचायत प्रशासन की ओर से प्रतिदिन 40 लाभुक महिलाओं के सत्यापन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसके लिए तैयार सूची के अनुसार महिलाओं से सीधे संपर्क कर उन्हें पंचायत भवन बुलाया जा रहा है.

पंचायत सहायक रिंकी बारजो ने बताया कि सत्यापन प्रक्रिया को व्यवस्थित रखने के लिए लाभुकों को फोन के माध्यम से सूचना दी जा रही है. जिन महिलाओं को पंचायत की ओर से कॉल प्राप्त हो रहा है, उन्हें तय तिथि पर पंचायत भवन पहुंचकर अपना सत्यापन कराना होगा. उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ और अव्यवस्था से बचने के लिए केवल सूचीबद्ध लाभुकों को ही बुलाया जा रहा है. सभी पात्र महिलाओं का सत्यापन चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा, इसलिए किसी को भी जल्दबाजी या चिंता करने की जरूरत नहीं है.

जरूरी दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य
पंचायत प्रशासन ने लाभुक महिलाओं से अपील की है कि सत्यापन के दौरान अपने साथ आधार कार्ड, राशन कार्ड और बैंक पासबुक जैसे आवश्यक दस्तावेज जरूर लेकर आएं. इससे सत्यापन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी और कार्य समय पर पूरा किया जा सकेगा. प्रशासन ने सभी लाभुकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि निर्धारित तिथि और समय पर पहुंचकर सत्यापन कार्य को सफल बनाने में मदद करें, ताकि योजना का लाभ वास्तविक और पात्र महिलाओं तक सुनिश्चित किया जा सके.