Jharkhand

कवारियाँ कृपया ध्यान दें... इस दिन से बहाल होगा साउथ बिहार एक्सप्रेस का रूट

Rashmi Prasad  CE
Rashmi Prasad CE
Copy Editor

पश्चिम सिंहभूम (WEST SINGHBHUM): श्रावणी मेला के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले शिवभक्तों के लिए राहत भरी खबर है. रेल प्रशासन ने पहले आंशिक रूप से रद्द की गई ट्रेन संख्या 13288/13287 आरा-दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस को अगस्त माह की कुछ निर्धारित तिथियों पर दुबारा अपने मार्ग पर चलाने का फैसला किया है. इस निर्णय से सावन के दौरान यात्रा करने वाले हजारों श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी. रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 13288 आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस, जिसे पहले राउरकेला तक सीमित किया गया था, अब 6, 13, 20 और 27 अगस्त को चांडिल, कांड्रा और सिनी होकर परिवर्तित मार्ग से अपने गंतव्य तक संचालित होगी. वहीं ट्रेन संख्या 13287 दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस 7, 14, 21 और 28 अगस्त को अपने निर्धारित मार्ग और समय-सारणी के अनुसार चलेगी.

रेल प्रशासन ने बताया कि श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए यह विशेष निर्णय लिया गया है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े. हालांकि, चक्रधरपुर रेल मंडल में कांसबहाल-धनुआडीह रेलखंड पर ट्रैक अनुरक्षण और आधारभूत संरचना से जुड़े आवश्यक कार्य लगातार जारी रहेंगे. इसके लिए 3 अगस्त से 13 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार और शुक्रवार को अप एवं डाउन लाइन पर लगभग 5.30 घंटे का टीआरटी मशीन ब्लॉक लिया जाएगा. इस दौरान रेलवे सुरक्षा और ट्रैक की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए रखरखाव का कार्य करेगा.

रेलवे के अनुसार, ट्रैक ब्लॉक के कारण 3 अगस्त से 13 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार और शुक्रवार को साउथ बिहार एक्सप्रेस का संचालन राउरकेला स्टेशन तक ही सीमित रहेगा. इन दिनों ट्रेन संख्या 13288 का शॉर्ट टर्मिनेशन राउरकेला में होगा, जबकि ट्रेन संख्या 13287 राउरकेला से ही अपनी यात्रा शुरू करेगी. इसके चलते राउरकेला और दुर्ग के बीच इस ट्रेन का परिचालन रद्द रहेगा. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति और समय-सारणी की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके.