टीएनपी डेस्क (TNP DESK): झारखंड के विधायकों के मुख अक्सर ऐसी भाषाएँ सुनने को मिलती हैं, जो हमेशा चर्चा का विषय बनी रहती है. यहाँ तक कि राज्य के कई नेता और विधायकों को अमूमन अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए भी देखा गया है. पर इस बार मामला डुमरी के लोकप्रिय विधायक, छात्र नेता या यूं कहें तो टाइगर महतो की ज़बान से सुनने को मिला है.
दरअसल डुमरी विधायक जयराम महतो और बरवाअड्डा थाना प्रभारी के बीच फोन पर कथित गाली-गलौज का ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. ऑडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हलचल बढ़ गई है. पुलिस एसोसिएशन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच कराने का फैसला किया है. एसोसिएशन की जांच में सबसे पहले वायरल ऑडियो की सत्यता की पड़ताल की जाएगी. इसके साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि ऑडियो में सुनाई दे रही आवाज और बातचीत वास्तविक है या उसमें किसी तरह की छेड़छाड़ की गई है. मामले को लेकर पुलिस एसोसिएशन जल्द प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपना पक्ष रख सकती है. प्रेस वार्ता में वायरल ऑडियो से जुड़े तथ्यों और पूरी घटना की जानकारी सामने रखे जाने की संभावना है.
वहीं, वायरल ऑडियो को लेकर धनबाद के पुलिसकर्मियों में नाराजगी की खबर है. कई पुलिसकर्मियों ने विधायक जयराम महतो के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है. प्रदर्शन कर रहे पुलिसकर्मियों का कहना है कि वे कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने के लिए नौकरी करते हैं, किसी तरह का अपमान सहने के लिए नहीं. कुछ पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई नहीं होने पर काम बंद करने और ड्यूटी से दूर रहने की चेतावनी तक दी है. स्थिति को देखते हुए धनबाद के SSP समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पुलिसकर्मियों को समझाने और मामला शांत कराने की कोशिश में जुटे हैं.
फिलहाल वायरल ऑडियो को लेकर पुलिस विभाग की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. पुलिस एसोसिएशन का कहना है कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि ऑडियो वास्तविक है या उसमें बदलाव किया गया है. जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा. इस पूरे विवाद ने विधायक और पुलिस पदाधिकारी के बीच कथित बातचीत को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा तेज कर दी है.
