टीएनपी डेस्क(TNP DESK): आज के दौर में मोबाइल और इंटरनेट सिर्फ मनोरंजन का जरिया नहीं रह गए हैं. सोशल मीडिया ने कई लोगों को अपनी पहचान बनाने का मौका दिया है. खासकर YouTube ऐसा प्लेटफॉर्म बनकर उभरा है, जहां बिना किसी बड़ी डिग्री, महंगे ऑफिस या बड़े निवेश के भी लोग अपनी टैलेंट के दम पर आगे बढ़ रहे हैं. झारखंड भी इस बदलाव से अछूता नहीं है.
राज्य के कई युवाओं और आम लोगों ने कैमरे के सामने अपनी बात रखने का हुनर सीखा और धीरे-धीरे लाखों दर्शकों तक पहुंच बना ली. कोई टेक्नोलॉजी की जानकारी दे रहा है, तो कोई गेमिंग, मनोरंजन और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े वीडियो बनाकर लोगों का मनोरंजन कर रहा है. इनमें कुछ ऐसे नाम भी हैं, जिन्होंने साधारण परिस्थितियों से शुरुआत की और आज डिजिटल दुनिया में अपनी अलग पहचान बना ली है.
मनोज डे: धनबाद से शुरू हुआ सफलता का सफर
मनोज डे का नाम झारखंड के चर्चित YouTubers में शामिल है. धनबाद के एक साधारण परिवार से आने वाले मनोज के पिता साइकिल मरम्मत का काम करते थे. परिवार की मदद के लिए मनोज ने बच्चों को ट्यूशन भी पढ़ाया. इसके बाद उन्होंने YouTube पर अपनी किस्मत आजमाने का फैसला किया.
शुरुआत में उनके वीडियो को ज्यादा दर्शक नहीं मिले. उन्होंने कई तरह के वीडियो बनाए, लेकिन बाद में टेक्नोलॉजी और YouTube से जुड़ी जानकारी देने पर ध्यान दिया. धीरे-धीरे उनके वीडियो लोगों को पसंद आने लगे. आज उनके चैनल पर लाखों की संख्या में सब्सक्राइबर हैं.
राजेश रवानी: ट्रक ड्राइवर से बने YouTube स्टार
झारखंड के राजेश रवानी की कहानी इस बात का उदाहरण है कि किसी भी उम्र में अपनी पहचान बनाई जा सकती है. राजेश करीब 25 साल तक ट्रक चलाते रहे. लंबे सफर के दौरान उन्हें खाना बनाने का शौक था. इसी शौक को उन्होंने वीडियो के जरिए लोगों तक पहुंचाना शुरू किया.
उनके चैनल का नाम R Rajesh Vlogs है. वीडियो में वह कभी ट्रक के अंदर तो कभी सड़क किनारे खाना बनाते नजर आते हैं. उनके देसी अंदाज और रोजमर्रा की जिंदगी ने दर्शकों का दिल जीत लिया. एक इंटरव्यू में राजेश ने बताया था कि ट्रक चलाकर उन्हें महीने में करीब 25 से 30 हजार रुपये मिलते थे, जबकि YouTube से उनकी कमाई औसतन 4 से 5 लाख रुपये तक पहुंच गई थी. कुछ महीनों में यह आंकड़ा 10 लाख रुपये तक भी रहा.
राजाराम प्रसाद: तकनीक की जानकारी से बनाई पहचान
गढ़वा के रहने वाले राजाराम प्रसाद अपने YouTube चैनल Sikhe All In Hindi के जरिए लोकप्रिय हुए हैं. उन्होंने हिंदी में तकनीक से जुड़ी जानकारी देने का रास्ता चुना. उनके चैनल पर मोबाइल, ऐप्स, सोशल मीडिया और इंटरनेट से जुड़े सवालों के आसान जवाब मिलते हैं. राजाराम का मोटिव तकनीकी जानकारी को आम लोगों तक आसान भाषा में पहुंचाना रहा है. यही वजह है कि उनके वीडियो को बड़ी संख्या में दर्शक पसंद करते हैं.
ऋषि गेमिंग: गेम खेलने के हुनर ने दिलाई पहचान
झारखंड के लेटहार से जुड़े ऋषि गेमिंग ने ऑनलाइन गेमिंग की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है. उनका असली नाम ऋषि अग्रवाल बताया जाता है. उन्होंने कम उम्र में ही YouTube पर वीडियो बनाना शुरू कर दिया था.
गेमिंग और स्टोरीटेलिंग के मेल ने उनके कंटेंट को खास बनाया. उनके वीडियो खासकर युवाओं के बीच लोकप्रिय हुए. उनके चैनल ने 40 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर का आंकड़ा पार किया है. गेमिंग को करियर के रूप में अपनाकर उन्होंने दिखाया कि डिजिटल दुनिया में मनोरंजन से भी बड़ी पहचान बनाई जा सकती है.
नियॉन मैन: YouTube की खबरों से बनाई अपनी जगह
रांची से जुड़े आयुष परमार को इंटरनेट की दुनिया में Neon Man के नाम से जाना जाता है. उनका चैनल YouTube और सोशल मीडिया की दुनिया में होने वाली हलचल पर आधारित है. वह दूसरे क्रिएटर्स, वायरल वीडियो और इंटरनेट से जुड़ी खबरों को अपने अंदाज में दर्शकों तक पहुंचाते हैं. आयुष ने साल 2017 में YouTube पर अपना सफर शुरू किया था. धीरे-धीरे उनके वीडियो को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिलने लगा.
झारखंड के इन चेहरों ने इतना जरूर साबित किया है कि बड़े शहरों में रहना या किसी बड़े संस्थान से जुड़ना ही सफलता की एकमात्र शर्त नहीं है. छोटे शहरों और सामान्य परिवारों से आने वाले लोग भी अपने हुनर के दम पर देशभर में पहचान बना सकते हैं.