धनबाद(DHANBAD): साल का अंतिम महीना कोल इंडिया के अधिकारियों को खुशखबरी देकर जाएगा. पे - अपग्रेडेशन एरियर की दूसरी किस्त का भुगतान उन्हें दिसंबर में हर हाल में मिल जाएगा. नवंबर 26 की सैलरी के साथ एरियर की दूसरी किस्त के भुगतान को मंजूरी मिल गई है. इस आदेश के तहत अधिकारियों को बकाया राशि का 40% भुगतान मिलेगा.
नवंबर की सैलरी के साथ मिलेगा भुगतान
नवंबर की सैलरी दिसंबर में मिलेगी और उसी के साथ दूसरी किस्त का भुगतान भी मिल जाएगा। सभी सहायक कंपनियों को आवश्यक कार्रवाई पूरी करने को कहा गया है. समय सीमा को लेकर भी स्पष्ट आदेश जारी कर दिया गया है. यदि सहायक कंपनियों को फंड की कमी के कारण नवंबर की सैलरी के साथ एरियर की दूसरी किस्त का भुगतान करने में परेशानी होती है, तो इसके बाद जल्द से जल्द कंपनियों को राशि का भुगतान करना होगा.
किसी भी हालत में 31 दिसंबर तक भुगतान करना होगा
किसी भी हालत में 31 दिसंबर तक भुगतान करना पड़ेगा. पे-स्केल अपग्रेडेशन एरियर के भुगतान का लंबे समय से इंतजार कर रहे कोल इंडिया और उसकी अनुषंगी कंपनियों के अधिकारियों के लिए यह फैसला बड़ी राहत लेकर आया है.दूसरी किस्त के भुगतान को मंजूरी मिलने और 31 दिसंबर की अंतिम समय-सीमा तय होने से अधिकारियों में खुशी का माहौल है. दिसंबर में एरियर की दूसरी किस्त मिलने से बड़ी संख्या में अधिकारियों को आर्थिक लाभ होगा.
