☰
Jharkhand

बिजली उपभोक्ताओं पर विभाग हुआ मेहरवान,पढ़िए किन -किन समस्याओं से मिल सकेगी छुटकारा

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद (DHANBAD):  बिजली समस्या से त्राहि-त्राहि कर रहे लोगों के लिए राहत की खबर सामने आई है. किसी उपभोक्ता का बिजली बिल पांच लाख रुपये आ रहा है, तो किसी का तीन लाख रुपये. वहीं, कई लोग बिजली बिल में गड़बड़ी, लो वोल्टेज और खराब ट्रांसफार्मर जैसी समस्याओं से परेशान हैं. अब इन समस्याओं के समाधान के लिए बिजली विभाग की ओर से विशेष पहल की गई है. झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर विभाग 18 नवंबर से 26 नवंबर तक जनसमस्या निवारण कैंप आयोजित कर रहा है. इसमें उपभोक्ताओं की बिजली से जुड़ी विभिन्न शिकायतों का समाधान किया जाएगा.

सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा कैंप 

यह कैंप प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक जिले के सभी विद्युत आपूर्ति प्रमंडल और क्षेत्रीय कार्यालयों में लगाया जाएगा. इसके तहत हीरापुर, नया बाजार, केंदुआ, गोविंदपुर, बरवाअड्डा, टुंडी, निरसा-1, निरसा-2, चिरकुंडा, झरिया, नवाडीह, सिंदरी और मुकुंदा स्थित विद्युत कार्यालय परिसर में उपभोक्ता अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे.कैंप में नए बिजली कनेक्शन से संबंधित आवेदन, बिजली बिल में सुधार, बिल नहीं मिलने की शिकायत और मोबाइल नंबर अपडेट कराने जैसी समस्याओं का निपटारा किया जाएगा. 

शिविर में सुनी जाएगी उपभोक्ताओं की सभी समस्याएं 

इसके अलावा खराब ट्रांसफार्मर बदलने, लो वोल्टेज की समस्या दूर करने तथा बिजली के पोल और तार लगवाने से संबंधित शिकायतें भी सुनी जाएंगी.
विभाग का उद्देश्य एक ही स्थान पर उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान करना है. ऐसे में लंबे समय से बिजली बिल की गड़बड़ी और अन्य तकनीकी समस्याओं से जूझ रहे लोगों के लिए यह कैंप राहत का मौका साबित हो सकता है. उपभोक्ता निर्धारित तिथि और समय पर संबंधित विद्युत कार्यालय पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं.