रांची(RANCHI): भारतीय क्रिकेट में अपनी बल्लेबाजी से कम उम्र में ही सबका ध्यान खींचने वाले युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को अब झारखंड सरकार बड़ा सम्मान देने जा रही है. राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने घोषणा की है कि वैभव को जल्द ही राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा. इसके साथ ही उन्हें झारखंड स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर भी बनाया जाएगा.
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने वैभव सूर्यवंशी की शानदार बल्लेबाजी और उनके आत्मविश्वास की जमकर सराहना की. उन्होंने कहा कि हाल ही में उनकी टीम भले ही मुकाबला जीत नहीं पाई, लेकिन वैभव ने अपनी आक्रामक और निडर बल्लेबाजी से करोड़ों लोगों का दिल जीत लिया है. मंत्री ने कहा कि इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर के गेंदबाजों के खिलाफ जिस साहस और आत्मविश्वास के साथ उन्होंने प्रदर्शन किया है, वह बेहद काबिल-ए-तारीफ है.
डॉ. अंसारी ने आगे कहा कि वैभव सूर्यवंशी ने न सिर्फ अपने परिवार और राज्य का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है. उन्होंने कहा कि 15 साल की उम्र में जिस तरह का अनुशासन, मेहनत और समर्पण वैभव ने दिखाया है, वह भारतीय क्रिकेट के भविष्य के लिए एक सकारात्मक संकेत है. मंत्री ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगी.
झारखंड सरकार का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी आज के युवाओं के लिए एक आदर्श उदाहरण हैं. उनकी फिटनेस, मेहनत और खेल के प्रति जुनून लाखों युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है. इसी को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग उन्हें अपना ब्रांड एंबेसडर बनाने जा रहा है. आने वाले समय में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और जन-जागरूकता अभियानों में वैभव सूर्यवंशी की सक्रिय भागीदारी देखने को मिलेगी. सरकार को उम्मीद है कि उनकी लोकप्रियता का लाभ उठाकर युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति अधिक जागरूक किया जा सकेगा. स्वास्थ्य मंत्री ने विश्वास जताया कि वैभव सूर्यवंशी भविष्य में भारतीय क्रिकेट के बड़े सितारों में शामिल होंगे और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे.
