☰
Jharkhand

दुकान में बंद कर पेट्रोल छिड़ककर युवक को जिंदा जलाया, सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण, जानिए पूरा मामला

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

सिवान (SIWAN): बिहार के सिवान जिले में एक युवक को दुकान के अंदर बंद कर जिंदा दिया गया है. घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया. गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने युवक का शव सड़क पर रखकर जाम कर दिया और जमकर नारेबाजी की. इस दौरान आगजनी भी हुई, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई.

मामला तरवारा थाना के पास का बताया जा रहा है. मृतक की पहचान अलावलपुर निवासी नदीम के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, नदीम रोज की तरह गुरुवार को भी अपनी जनरल स्टोर की दुकान खोलने गया था. वह हर दिन की तरह शाम तक घर लौटने वाला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं आया. इसके बाद परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई. इसी बीच दुकान में आग लगने और अंदर युवक का शव मिलने की खबर सामने आई.

मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नदीम को शाम करीब सात बजे दुकान के अंदर बंद कर दिया गया था. आरोप है कि दुकान के बाहर से ताला लगाकर उसमें आग लगा दी गई, जिससे नदीम की जिंदा जलकर मौत हो गई. हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है.

युवक की मौत की खबर फैलते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए. लोगों ने शव को सड़क पर रखकर आवागमन बाधित कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे. प्रदर्शन के दौरान आगजनी और जमकर हंगामा हुआ. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सिवान के एसडीओ और एसडीपीओ प्रांजल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.

प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन लोग अपनी मांगों पर अड़े रहे. इसके बाद पुलिस और प्रशासन ने बल प्रयोग कर सड़क जाम हटाया. इस दौरान कई बार अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई. वहीं, घटनास्थल पर एसडीपीओ से मामले को लेकर प्रतिक्रिया लेने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोप है कि वे बाइट देने से बचते हुए वहां से चले गए. फिलहाल इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि नदीम की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है.

TagsBihar