सिमडेगा:सिमडेगा जिले में सोमवार सुबह करीब 9 बजे से जारी तेज बारिश ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. लगातार हो रही बारिश के चलते नदी और नाले उफान पर हैं. वहीं, कई कच्चे और पुराने मकानों की स्थिति भी खराब हो गई है और उनके गिरने का खतरा बना हुआ है. इसी बीच बोलबा प्रखंड के तलमंगा गांव से एक चिंताजनक मामला सामने आया है.
गांव निवासी नंदू नायक, पिता अम्पाल नायक का मकान लगातार बारिश के कारण बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है. मकान की दीवारों और अन्य हिस्सों में गंभीर दरारें पड़ गई हैं. घर की हालत इतनी जर्जर हो चुकी है कि परिवार के लोगों के लिए वहां रहना जोखिम भरा बना हुआ है. इसके बावजूद सुरक्षित विकल्प नहीं होने के कारण परिवार इसी मकान में रहने को मजबूर है. ग्रामीणों को आशंका है कि लगातार बारिश के बीच यह मकान कभी भी ढह सकता है और बड़ा हादसा हो सकता है.
वहीं, क्षेत्र में जंगली हाथियों के कारण पहले क्षतिग्रस्त हुए कई मकानों की अब तक मरम्मत नहीं हो सकी है. इन मकानों में रहने वाले परिवार पहले से ही परेशानी झेल रहे थे, लेकिन लगातार बारिश ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं. बारिश के कारण जर्जर मकानों में रहना उनके लिए और अधिक खतरनाक हो गया है.
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभावित परिवारों की तत्काल मदद करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि जिन परिवारों के मकान रहने लायक नहीं रह गए हैं, उन्हें जल्द से जल्द सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए. इसके साथ ही जरूरतमंद परिवारों को राहत सामग्री और अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की भी अपील की गई है. लगातार बारिश को देखते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन से जर्जर मकानों की स्थिति का जायजा लेकर समय रहते जरूरी कदम उठाने की मांग की है, ताकि किसी तरह की अनहोनी को रोका जा सके.
