सरायकेला: जिले में एक युवक का बीच चौराहे से अपराधियों ने अपहरण कर लिया. आदित्यपुर के आशियाना चौक के पास से हथियार के बल पर गाड़ी में बैठाया और लेकर फरार हो गए. तुरंत इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी. जिसके बाद पुलिस एक्शन में आई और कुछ घंटे में ही युवक को मुक्त करा लिया गया.अपराधियों ने पुलिस की दबिश देख युवक को तमोलिया में छोड़ कर फरार हो गए.
काली गाड़ी से पहुंचे बदमाश
सोमवार शाम चार-पांच युवक काले रंग की गाड़ी से आशियाना चौक पहुंचे. आरोप है कि उन्होंने सफेद रंग की कार से हामिद उर्फ अल्ताफ को उतारकर जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया और गम्हरिया की ओर ले गए. मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की.
आपसी रंजिस का मामला
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है. घटना से पहले अल्ताफ ने आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती के कुछ युवकों को फोन कर किसी विवाद की स्थिति में वहां पहुंचने की बात कही थी. अल्ताफ करीब पांच वर्ष पूर्व आदित्यपुर में रहता था. उसके बड़े भाई के ब्राउन शुगर की बिक्री के आरोप में जेल जाने की भी जानकारी सामने आई है.
एसपी के आदेश पर तुरंत एक्शन
एसपी मनोज स्वर्गीयारी की त्वरित पहल और जिले में तत्काल नाकेबंदी कराए जाने से पुलिस को बड़ी सफलता मिली और कथित अपहरण के शिकार युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया गया. फिलहाल पुलिस घटना में शामिल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है.
रिपोर्ट: बीरेंद्र मण्डल
