Jharkhand

सरायकेला सदर अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत, परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाकर जमकर किया बवाल

Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer
सरायकेला सदर अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत, परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाकर जमकर किया बवाल

सरायकेला (SARAIKELA): झारखंड के सरायकेला जिले से एक दुखद खबर सामने आई जहां सरायकेला सदर अस्पताल में एक गर्भवती महिला और उसके नवजात की मौत रविवार को हो गई.जिसके बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे है.मृतका के परिजनों ने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.

रात भर के भीतर मां और बच्चे की मौत

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात प्रसव पीड़ा होने पर गुरा पूर्ति अपनी पत्नी शुरू पूर्ति को सदर अस्पताल लेकर पहुंचे.परिजनों का आरोप है कि समय पर समुचित इलाज नहीं मिलने के कारण रातभर के भीतर मां और नवजात दोनों की मौत हो गई.मृतका के पति का दावा है कि डॉक्टर ने मरीज की शुरुआती जांच के बाद दोबारा ध्यान नहीं दिया, जिससे उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई.

डॉक्टर ने आरोपों को सिरे से किया खारिज

वहीं, ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. रीमा ने सभी आरोपों को खारिज किया है. उनका कहना है कि महिला गंभीर एनीमिया से पीड़ित थी और अस्पताल पहुंचने के समय उसकी हालत बेहद नाजुक थी. उन्होंने बताया कि निर्धारित चिकित्सकीय प्रक्रिया के तहत इलाज किया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद मां और नवजात दोनों को बचाया नहीं जा सका.घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों ने हंगामा किया.फिलहाल स्वास्थ्य विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मां और नवजात की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा.

रिपोर्ट-वीरेंद्र मंडल