Jharkhand

सरायकेला के आदित्यपुर में मामूली विवाद बना काल, युवक की पीट-पीटकर हत्या, इलाके में तनाव

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

सरायकेला(SARAIKELA):सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवनारायणपुर में रविवार देर रात दो गुटों के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया.इस हिंसक झड़प में एक युवक की मौत हो गई.मृतक की पहचान स्थानीय निवासी गौतम मुंडा के रूप में की गई है. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल गौतम मुंडा को तुरंत नजदीकी गंगोत्री नर्सिंग होम में भर्ती कराया.प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिट रेफर कर दिया.हालांकि, चोटें इतनी गंभीर थीं कि अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया.

पढ़िए क्या है पूरा मामला 

जानकारी के अनुसार, रविवार रात शिवनारायणपुर मैदान के समीप किसी बात को लेकर दो पक्षों के युवक आपस में भिड़ गए.देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के लोगों ने हिंसक रुख अख्तियार कर लिया.आरोप है कि हमलावरों ने गौतम मुंडा को निशाना बनाते हुए धारदार हथियार और पत्थरों से हमला कर दिया.इस हमले में गौतम के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा.इस वारदात के बाद शिवनारायणपुर और आसपास के इलाकों में भारी आक्रोश और तनाव का माहौल है.

इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात

घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे.पुलिस अधिकारियों के अनुसार, स्थिति पर नजर रखी जा रही है.माहौल को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा और जल्द ही घटना में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.