सरायकेला (SARAIKELA): जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य मजदूर घायल हो गए. यह घटना राजनगर थाना से लगभग 500 मीटर दूर होंडा शोरूम के पास हुई. बताया जा रहा है कि सड़क किनारे बांस से लदा एक ट्रक खड़ा था. ट्रक में लदे बांस को उतारने के लिए कुछ मजदूर रस्सी खोल रहे थे. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रेलर ने खड़े ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक के पास मौजूद मजदूर इसकी चपेट में आ गए. हादसे में बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के भंडारसोल निवासी नीलकंठ जाना की मौके पर ही मौत हो गई.
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आसपास मौजूद लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी. सूचना मिलते ही राजनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है. साथ ही मृतक के शव को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की. बताया जा रहा है कि हादसे में मौजूद कुछ अन्य मजदूरों को हल्की चोटें आई हैं. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. हादसे में शामिल ट्रेलर का नंबर JH10DJ 4827 बताया गया है.
दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया. रविवार को मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला भेज दिया. नीलकंठ जाना की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसर गया. परिजनों ने ट्रेलर मालिक से उचित मुआवजे की मांग की है. साथ ही प्रशासन से फरार चालक की जल्द गिरफ्तारी और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है. पुलिस फरार ट्रेलर चालक की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है.
रिपोर्ट- बीरेंद्र मंडल
