Jharkhand

सरायकेला: स्वर्णरेखा नदी में मिला बुजुर्ग का शव, आत्महत्या की आशंका

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor

सरायकेला (Saraikela): जमशेदपुर से सटे सरायकेला खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के स्वर्णरेखा नदी में गुरुवार को एक बुजुर्ग का शव मिला. सपड़ा गांव स्थित नदी किनारे शव पानी में तैर रहा रहा. शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. स्थानीय लोगों की सूचना पर कपाली पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला. नदी में नहाने गए लोगों ने शव पानी में तैरता देखा, जिसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. बुजुर्ग के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है. पुलिस बुजुर्ग द्वारा नदी में कूद आत्महत्या करने की आशंका जाता रही है. बुजुर्ग की पहचान जमशेदपुर स्थित बिरसानगर के वास्तु बिहार निवासी विजय प्रकाश (55) के रूप में हुई है. शव मिलने की जानकारी पर मृतक के परिजन कपाली थाना पहुंचे. पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है.
एक दिन पहले बुधवार को पुलिस ने सपड़ा में नदी किनारे एक लावारिस बाइक बरामद की थी. आशंका जताई जा रही है कि बाइक बुजुर्ग की ही थी. इसलिए पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है. हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा. पुलिस को शक है कि बाइक नदी किनारे लगा बुजुर्ग नदी में कूद गया होगा. बुजुर्ग कब से लापता थे इसको लेकर पुलिस बुजुर्ग के परिजनों से पूछताछ कर रही है.