Jharkhand

सरायकेला: दो दिन से लापता युवक का शव डेम से बरामद, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

सरायकेला(SARAIKELA):सरायकेला थाना क्षेत्र के दावना गांव में दो दिनों से लापता 21 वर्षीय युवक सूरज मार्डी का शव शुक्रवार को गांव स्थित डेम से मिलने के बाद इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है.सुबह ग्रामीणों की नजर डेम में तैरते शव पर पड़ी, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई.सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. काफी प्रयास के बाद करीब दोपहर 12:30 बजे शव को पानी से बाहर निकाला गया.आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया.

डेम में मछली पकड़ने के लिए गया था युवक

परिजनों ने बताया कि सूरज मार्डी 24 जून को गांव के डेम में मछली पकड़ने के लिए गया था.उसके साथ कुछ अन्य युवक भी मौजूद थे, लेकिन शाम तक वह घर नहीं लौटा. इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. शुक्रवार को डेम से शव मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया.मृतक की मां ने बेटे की मौत पर संदेह जताते हुए इसे हत्या का मामला बताया है. उनका कहना है कि सूरज की मौत केवल डूबने से नहीं हुई है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए.

घटना के बाद गांव में लोगों के बीच आक्रोश

इधर, घटना के बाद गांव में लोगों के बीच आक्रोश भी देखा जा रहा है. पुलिस का कहना है कि फिलहाल प्रथम दृष्टया मामला पानी में डूबने से मौत का प्रतीत होता है, लेकिन सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है.थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी.

रिपोर्ट-वीरेंद्र मंडल