सरायकेला (SARAIKELA): सरायकेला पुलिस ने डकैती की योजना बनाते 6 अपराधियों को गिरफ्तार किया है. अपराधियों के पास से हथियार भी बरामद किए गए है. जांच में आरोपियों के पास से एक पिस्टल, एक जिंदा गोली, चाकू, दाउली, हथौड़ी, सात मोबाइल और तीन मोटरसाइकिल पुलिस ने बरामद की है. गिरफ्तार आरोपियों में मनसा सिंह मुंडा, चेंबुराम मुंडा उर्फ चमुरा, सोमा मुंडा उर्फ सब्जी, देवेन मुंडा, सोमा मुंडा उर्फ करपा और रामजीत मुंडा उर्फ मंगरा मुंडा शामिल हैं. आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया है. यह कार्रवाई चौका पुलिस ने की है. सोमवार को सरायकेला एसपी मनोज स्वर्गीयरी ने पूरे मामले का खुलासा किया. एसपी ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में चौका थाना क्षेत्र में शराब दुकान में लूट के प्रयास, उरमाल स्थित माधुरी पेट्रोल पंप पर लूट और घाटदुलमी स्थित माउंट 10 व्यू होटल में हुई वारदात में शामिल होने की बात कही है.
स्कूल में बना रहे थे योजना
प्रेस कॉन्फ्रें में एसपी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि मतकमडीह के चुटीयाखाल टोला स्थित बंद पड़े नव प्राथमिक विद्यालय, बरियाबेड़ा में कुछ अपराधी जमे है और बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. इसके बाद पुलिस ने मौके पर छापेमारी की. मौके से 6 लोग पकड़े गए. आरोपियों के पास से लूट का मोबाइल भी बरामद हुआ है. पूछताछ में आरोपियों ने बताया है कि 19 अगस्त को बनसा स्थित शराब दुकान में लूट के प्रयास किया था. इसके अलावा उरमाल के माधुरी पेट्रोल पंप पर मोबाइल व रुपये लूटने की घटना भी कारित की थी. इसके अलावा 3 सितंबर को घाटदुलमी स्थित माउंट 10 व्यू होटल में मोबाइल की छिनतई आरोपियों ने की थी.
आरोपियों का रहा है अपराधिक इतिहास
एसपी ने बताया कि गिरोह में और भी कोई शामिल है या नहीं इसकी जांच की जा रही है. पूरे गिरोह को खंगाला जा रहा है. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में कई का अपराधिक इतिहास रहा है. चंबूराम मुंडा उर्फ चमुरा के खिलाफ कई मामले पूर्व से दर्ज हैं. जबकि अन्य की अन्य घटनाओं में संलिप्तता की जांच की जा रही है. इस कार्रवाई में चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार, कुचाई थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार मुंडा आदि का अहम योगदान रहा.
