सरायकेला (SARAIKELA): सरायकेला जिले में सोमवार को वज्रपात की चपेट में आकर 2 महिलाओं की मौत हो गई. घटना के दौरान दोनों महिलाएं खेत में काम कर रही थी. इसी दौरान वज्रपात हुआ और दोनों महिलाएं इसकी चपेट में आ गई. मौके पर ही दोनों महिलाओं ने दम तोड़ दिया. घटना जिले के चांडिल स्थित कुकड़ू प्रखंड की है. पंडरा गांव में यह हृदयविदारक घटना हुई.मृतकों की पहचान सोनामनी महतो ( 45) और मुक्ता महतो (27) के रूप में हुई. सूचना पर पुलिस गांव पहुंची और दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस घटना से गांव में मातम पसरा है.
बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं खेत में काम कर रही थी. उनके साथ और भी कई महिलाएं थी. लेकिन वे सभी बाल बाल बच गई. जबकि सोनामनी और मुक्ता वज्रपात की चपेट में आ गई. घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जीत है. सोमवार की दोपहर आसमान में अचानक घने बादल छाये. इसी दौरान तेज गर्जन के साथ वज्रपात भी शुरू हो गया. कई इलाकों में बारिश भी दर्ज की है.
इधर, मौसम विभाग ने 11 सितंबर तक आंधी के साथ बारिश की आशंका जताई है. इस दौरान वज्रपात की भी संभावना है. इसको लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं, लोगों से वज्रपात के समय सावधानी बरतने की अपील की गई है.
