☰
Jharkhand

सरायकेला: आदित्यपुर में युवक की हत्या का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

सरायकेला (SARAIKELA):  जिले से खबर सामने आई है जहां आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्पनापुरी स्थित श्मशान घाट मैदान में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है. गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में पुराने विवाद को लेकर हत्या करने और घटना का वीडियो बनाने की बात स्वीकार की है. पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर को कल्पनापुरी स्थित श्मशान घाट मैदान में एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी. सूचना पर पहुंची आदित्यपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. मृतक की पहचान निखिल कुमार (करीब 20 वर्ष), पिता रामलाल, निवासी रेलवे लाइन किनारे, मालती बस्ती, आदित्यपुर के रूप में हुई.

पुलिस की जांच में हुआ खुलासा

पुलिस की जांच में सामने आया कि निखिल कुमार का पूर्व में कुछ युवकों के साथ विवाद हुआ था. इसी विवाद के कारण उसकी हत्या किए जाने की बात सामने आई है. पुलिस के अनुसार, मृतक और आरोपी पहले से एक-दूसरे के दोस्त थे. पुलिस ने छापेमारी कर गोपेश मुर्मू उर्फ डैनी (20 वर्ष), निवासी हरिओम नगर रोड नंबर-5, इंद्रा बस्ती और अजीत सुरेन उर्फ गुड्डू (करीब 19 वर्ष), निवासी जुगनूडीह, थाना सरायकेला को गिरफ्तार किया है. वहीं, करण सुरेन उर्फ डेले, निवासी शर्मा बस्ती, रेलवे लाइन किनारे, आदित्यपुर फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में घटना का वीडियो बनाने की बात भी स्वीकार की है.

पुलिस ने की छापेमारी

छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक मोबाइल फोन, अभियुक्त के बदन में मृतक का खून लगा कपड़ा और अन्य सामान बरामद किया है. पुलिस बरामद साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे की जांच कर रही है. छापेमारी दल में आदित्यपुर थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल थे. पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. अब देखना होगा इस मामले में पुलिस क्या कार्रवाई करती है.

रिपोर्ट- रंजीत कुमार ओझा