Jharkhand

सरायकेला: आदित्यपुर में होटल संचालक पर ताबातोड़ फायरिंग, कमर और जांघ में लगी गोली

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor

सरायकेला (SARAIKELA): जमशेदपुर के अलावा शहर से सटे सरायकेला खरसांवा जिले के आदित्यपुर में भी अपराधिक घटनाएं बढ़ गई है. मंगलवार देर रात यहां एक होटल संचालक पर तबातोड़ फायरिंग हुई. आदित्यपुर थाना क्षेत्र के गम्हरिया रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे अंडरपास के पास बदमाशों ने होटल संचालक विशाल गोराई (28) पर फायरिंग कर दी. इसमें वह घायल हो गया. विशाल को इलाज के लिए टीएमएच लाया गया. यहां उसका इलाज चल रहा है. डॉक्टर उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और ऑपरेशन कर गोली निकालने की तैयारी की जा रही है. विशाल गम्हरिया के काशीडीह का रहने वाला है. वह गम्हरिया रेलवे स्टेशन के पास गोराई स्वीट्स एंड भोजनालय होटल चलता है.
मंगलवार रात वह होटल बंद कर स्कूटी से घर लौट रहा था. इसी दौरान होटल से करीब 200 मीटर आगे अंडरपास के पास पहुंचते ही झाड़ियों की ओर से अचानक कई युवक सड़क पर आ गए और उसपर गोली चला दी. बदमाशों ने स्कूटी रोकने की कोशिश की, लेकिन विशाल ने स्कूटी की रफ्तार बढ़ा दी. इसी दौरान बदमाशों ने पीछे से फायरिंग कर दी. दो से तीन राउंड चली गोली में एक गोली विशाल की दाहिनी कमर और जांघ के बीच जा लगी. गोली लगने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी और कुछ दूर तक स्कूटी चलाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचे. इसके बाद उन्होंने अपने भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी. इधर, फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर आदित्यपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की. घटनास्थल पर काफी अंधेरा होने के कारण पुलिस को फायरिंग के सबूत जुटाने में परेशानी हुई. पुलिसकर्मियों ने टॉर्च की रोशनी में काफी देर तक इलाके की तलाशी ली और खोखे तलाशे. वहीं, पुलिस ने अस्पताल पहुंच घायल से पूछताछ की. पुलिस घटना का कारण आपसी रंजिश और रंगदारी मान रही है. वहां, पुलिस होटल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है.